पुलिस ने आरोपित हरीश सिंह बोहरा को नैनीताल से किया गिरफ्तार
तीन आरोपितों को दबोचने की लिए पुलिस मार रही हाथपांव
यात्रियों को कम किराए पर दिल्ली ले जाने वाले एक ड्राइवर को 10 जून को जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। गुमदेश क्षेत्र के एक टैक्सी ड्राइवर के साथ मारपीट और जूतों की माला पहनाने वाले चार आरोपितों में से एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आज रविवार को आरोपित हरीश सिंह बोहरा को नैनीताल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को अदालत में पेश किया जा रहा है। अलबत्ता अभी 3 अन्य आरोपित अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि इन आरोपितों को पकडऩे के लिए पुलिस गश्त जारी है। एसपी रेखा यादव ने बताया कि आरोपितों को दबोचने के लिए पुलिस की 4 टीमें बनाई गई हैं। इससे पूर्व जांच अधिकारी पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल ने कल 13 जून को पीड़ित टैक्सी ड्राइवर के बयान लेने के अलावा घटना स्थल का मुआयना किया था।
आरोप है कि 10 जून को सवारी लेकर दिल्ली जा रहे गुमदेश क्षेत्र के डूंगराबोरा के एक टैक्सी ड्राइवर को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवराड़ी बैंड के पास 4 टैक्सी चालकों ने रोक कर गालीगलौज, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग और मारपीट की थी। कम किराये में सवारी ले जाने पर नाराज इन टैक्सी चालकों पर डुंगराबोरा के टैक्सी ड्राइवर को जूतों की माला पहनाकर अपमान करने का भी आरोप है। साथ ही घटना का वीडियो भी सार्वजनिक किया गया था। पीड़ित चालक की तहरीर पर कल 12 जून को लोहाघाट निवासी वीरेंद्र सिंह, सोबन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के साथ आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 352, 351 (3), 133, 126, 308 (2) 309 (3), 356, 152 (2) में मामला दर्ज किया गया था।
© 2026. All Rights Reserved.