114 ग्राम स्मैक के साथ आरोपित गिरफ्तार
बरेली निवासी हैं आरोपित
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। भारत-नेपाल सीमा से लगे टनकपुर क्षेत्र में SOG और पुलिस की संयुक्त टीम ने 114 ग्राम स्मैक के साथ बरेली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपित ने बरेली निवासी एक दंपती से स्मैक लेकर टनकपुर में एक व्यक्ति तक पहुंचाने की बात बताई है। पुलिस दंपती की भूमिका की जांच कर रही है।
गुरुवार रात SOG और टनकपुर पुलिस की टीम ने रेलवे स्टेशन के निकट बिचई मनिहारगोठ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध इस्लाम अंसारी पुत्र अब्दुल अंसारी निवासी एजाजनगर, सेटेलाइट के पास, थाना बारादरी, जिला बरेली को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 114 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने बताया कि मीरगंज, बरेली निवासी दानिश अली और उसकी पत्नी निशि खान ने उसे स्मैक टनकपुर के एक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दी थी। आरोपित के मुताबिक दंपति कुरियर सेवा का काम करते हैं और इसी की आड़ में स्मैक की तस्करी करते हैं। पुलिस इस जानकारी की जांच कर रही है। SOG प्रभारी कमलेश भट्ट की ओर से आरोपित के खिलाफ टनकपुर थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में टनकपुर के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, उप निरीक्षक कुशल नगरकोटी, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन तथा कांस्टेबल उमेश राज, कुलदीप सिंह और सूरज कुमार शामिल रहे।
© 2026. All Rights Reserved.