टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंपावत छतार के पास वाहन से टकराया था नेपाली श्रमिक
देवभूमि टुडे
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंपावत के छतार में डंपर की चपेट में आने से नेपाली मजदूर बुरी तरह जख्मी हो गया। मजदूर को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से मजदूर को लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक नेपाल निवासी प्रेम बहादुर (40) पुत्र कनक बहादुर लोहाघाट में मजदूरी करता था। शनिवार को वह चंपावत आया था। इसी दौरान प्रेम बहादुर एनएच मोड़ पर किनारे बने एक मकान की सीढ़ी पर बैठा था। अचानक उठकर मजदूर नीचे उतरने लगा, इसी बीच लोहाघाट से चंपावत की ओर आ रहे अज्ञात डंपर की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज शुरू करने के कुछ देर बाद ही मजदूर की मौत हो गई। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. हीरा सिंह ह्यांकी ने बताया कि प्रेम बहादुर के शरीर के कई हिस्सों में जबर्दस्त चोट आई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के पहुंचने पर पोस्मार्टम की प्रकिया की जाएगी।
© 2026. All Rights Reserved.