Sunday Jun 7, 2026

पेड़ गिरने से बाल-बाल बचा पूर्णागिरी जा रहे श्रद्धालुओं की जीप, टहनी से मैक्स के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बची बस

बूम मंदिर के पास मकान की टिन की छत उड़ी

पूर्णागिरी क्षेत्र में भारी अंधड़, टनकपुर ककरालीगेट-भैरव मंदिर सड़क पर कई जगह पेड़ गिरे

टनकपुर में भी आंधी

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। अंधड़ से पूर्णागिरी धाम जा रही एक मैक्स जीप पर पेड़ गिर गया। पेड़ की बड़ी टहनी टकराने से जीप के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। पूर्णागिरी मार्ग पर बूम वन चौकी के पास हुए इस वाकये में देवी कृपा से बड़ा हादसा टल गया। पूर्णागिरी धाम क्षेत्र में एक खड़ी बस पर भी पेड़ गिरा। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि जगह-जगह पेड़ गिरने से टनकपुर-पूर्णागिरी सड़क आज दोपहर दो घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा। पेड़ों को हटाने के बाद मार्ग को आवागमन के लिए सुचारू किया जा सका। वहीं अंधड़ से पूर्णागिरी धाम क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित है। 

अंधड़ से नुकसान।

 

पूर्णागिरी (कालीगूंठ) के ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने बताया कि बिजली आपूर्ति के कल 8 जून तक सुचारू होने की उम्मीद है। अलबत्ता मेला क्षेत्र में जनरेटर के जरिए बिजली आपूर्ति का वैकल्पिक प्रबंध किया गया है। पूर्णागिरी धाम में आज 7 जून को भारी बारिश और दोपहर बाद तेज अंधड़ आया। बूम मंदिर के पास एक घर की टिन से बनी छत उड़ गई। सामाजिक कार्यकर्ता पंडित राजेंद्र तिवारी ने बताया कि आधे घंटे तक चले अंधड़ से जनजीवन भी अस्त-व्यस्त रहा। पूर्णागिरी मार्ग पर गैडाखाली से भैरव मंदिर मार्ग के बीच तक 5 से अधिक जगह पर कई पेड़ गिरे हैं। इस वजह से 2 घंटे से अधिक समय तक मार्ग बाधित रहा। इस दौरान आवाजाही ठप रही। फायर विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ों को हटाकर आवागमन सुचारू किया। फायर स्टेशन प्रभारी अमर सिंह अधिकारी ने बताया कि पूर्णागिरी मार्ग से पेड़ों को हटाकर आवागमन सुचारू कर दिया गया है।

चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में हल्की बूंदाबांदी के साथ आए तेज अंधड़ से व्यापक नुकसान हुआ है। टनकपुर में तुषार अस्पताल के पास भी पेड़ गिरने से मार्ग बाधित रहा। अंधड़ से कुछ देर के लिए जन-जीवन अस्त-व्यस्त रहा।

उचौलीगोठ के एक घर की चहारदीवारी के ऊपर गिरा बिजली का पोल।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.