Wednesday Aug 5, 2026

योग दिवस पर चंपावत के मुड़ियानी में बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास

कलश संगीत कला समिति के अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ

देवभूमि टुडे

चंपावत। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चंपावत के मुड़ियानी जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया। नियमित रूप से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लेते हुए स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण के लिए योग को जन आंदोलन बनाने का संदेश दिया। शुभारंभ कलश संगीत कला समिति के अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग प्रशस्त होता है। बाद में जिला अस्पताल में मरीजों को फल भी बांटे गए।

जिला अस्पताल में फल बांटते रेडक्रॉस सोसायरी के अध्यक्ष राजेंद्र गहतोड़ी एवं जनार्दन चिल्कोटी।

पतंजलि योग समिति के अध्यक्ष लोकमणि पंत ने कहा कि योग केवल व्यायाम ही नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग एवं प्राणायाम करने का आह्वान किया। लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी राजेंद्र गहतोड़ी, तहसील प्रभारी रमेश चंद्र पुनेठा, युवा भारत स्वाभिमान के संरक्षक जनार्दन चिल्कोटी, प्रदेश स्तरीय सदस्य चंद्र प्रकाश पुनेठा सहित अन्य वक्ताओं ने योग को सेहतमंद समाज निर्माण का आधार बताया। संचालन समिति के संरक्षक डॉ. बीसी जोशी के संचालन में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि योग आज विश्व स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है और इसे जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।

कार्यक्रम में छतार वार्ड की सभासद प्रेमा चिलकोटी, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष तारादत्त पांडेय, समिति के कोषाध्यक्ष इंद्र सिंह बोरा, जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुडिय़ानी के प्राध्यापक गिरीश चंद्र पंत, फार्मासिस्ट सतीश चंद्र पांडेय, निर्मल पंत, नीरज जोशी, कलश संगीत कला समिति के सदस्य गिरीश चंद्र जोशी, महेश चंद्र जोशी, दिनेश बिष्ट, मोहन गिरी गोस्वामी, नवीन पंत, शंकर दत्त फुलारा, चंद्रशेखर फुलारा, शेखर चंद्र तिवारी, गीता पंत, कमलाकांत जोशी, कमला, किशन जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.