Thursday May 28, 2026

देवी दरबार जाते वक्त काली मदिर के पास एकाएक तबीयत बिगड़ी

टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुचने से पूर्व कासगंज की महिला ने दम तोड़ा

पूर्णागिरी के सरकारी मेलावधि में 90 दिनों में 6 श्रद्धालुओं की हो चुकी है मौत

देवभूमि टुडे

चंपावत/पूर्णागिरी धाम। मां पूर्णागिरी धाम के 27 फरवरी से शुरू सरकारी मेलावधि में दर्शन के लिए आए 6 श्रद्धालुओं की अब तक तबीयत बिगडऩे से मौत हो चुकी है। ताजा वाकया बीती रात का है। देवी दर्शन के लिए पूर्णागिरी जा रही उत्तर प्रदेश के कासगंज की एक महिला श्रद्धालु की एकाएक सेहत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजन महिला के शव को लेकर वापस गांव चले गए।

 

जानकारी के मुताबिक कल 26 मई की रात शीला देवी (60) पत्नी बाबू राम निवासी कासगंज परिजनों के साथ देवी दर्शन के लिए जा रही थी। तभी मुख्य मंदिर से करीब 500 मीटर पहले काली मंदिर के पास महिला की एकाएक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि महिला को छाती में दर्द के बाद चक्कर आया। ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने बताया कि आननफानन में महिला को एसडीआरएफ की मदद से  काली मंदिर के पैदल रास्ते से करीब 3 किमी दूर भैरव मंदिर सड़क तक पहुंचाया गया। यहां स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक इलाज के बाद शीला देवी को एंबुलेंस से टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉ. मोहम्मद उमर के मुताबिक शीला देवी की अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही मौत हो गई थी। बाद में परिजन पोस्टमार्टम कराए बगैर शव लेकर वापस कासगंज रवाना हो गए।

पूर्णागिरि धाम में मेलावधि में हुई मौतें:

11 मार्च: मां पूर्णागिरी मेले के दर्शन के बाद हरदोई जिले की रामा देवी (58) की दिल का दौरा पड़ने से मौत।

21 मार्च: मां पूर्णागिरी देवी के दर्शन कर वापस आ रही एटा की मालती देवी (53) की मौत।

30 मार्च: मां पूर्णागिरी देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे शाहजहांपुर के निखिल (30) की तबीयत खराब होने से मौत।

13 अप्रैल: देवी दर्शन कर लौट रही बदायूं के आशु सक्सेना (47) की तबीयत बिगड़ने से मौत।

21 मई: देवी दर्शन कर लौट रहे सीतापुर के अर्जुन लाल (50) की तबीयत बिगड़ ने से मौत।

26 मई: देवी दर्शन के लिए जा रही कासगंज की शीला देवी (60) की दिल का दौरा पड़ने से मौत।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.