चंपावत जिले में अप्रैल से नहीं मिली समाज कल्याण विभाग की पेंशन
केंद्रांश वाले लाभार्थियों का डाटा स्पर्श पोर्टल में अपलोड होने से लग रहा समय:DSWO सामंत
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले के कई हजार लोगों को समाज कल्याण विभाग की पेंशन बीते दो महीनों से नहीं मिल पा रही है। इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों की दुश्वारी बढ़ रही है। पेंशन के लाभार्थियों ने जल्द से जल्द पेंशन राशि देने की मांग की है।
चंपावत जिले में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारकों की कुल संख्या 26941 है। इनमें से 9384 (36.83 प्रतिशत) लोगों को इस साल अप्रैल से पेंशन की राशि नहीं मिल रही है। वृद्धावस्था पेंशन के 7478, विधवा पेंशन के 1636 और दिव्यांग पेंशन के 270 लाभार्थियों को पिछले दो माह से पेंशन नहीं मिली है। ये सभी लाभार्थी बीपीएल श्रेणी के हैं और 1500 रुपये की पेंशन राशि का एक हिस्सा केंद्र भी देता है। पेंशन से वंचित लोगों को इस कारण आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने पेंशन राशि को अविलंब देने की मांग की है। वैसे शत-प्रतिशत राज्य के अंश वाले 17557 पेंशनधारकों को नियमित रूप से पेंशन मिल रही है। उन्हें इस साल मई तक की पेंशन दी जा चुकी है। राज्य के अंश वाले पेंशनधारकों को बीपीएल क्रमांक की जरूरत नहीं होती है। 48 हजार रुपये वार्षिक आय से कम वाले लोगों को इस योजना में शामिल किया जाता है।
पेंशनधारियों की संख्या:
वृद्धावस्था:16623: 7478-9145
विधवा: 7645: 1636-6009
दिव्यांग:2673: 270-2403
कुल: 26941: 9384-17557
क्या कहते हैं अधिकारी:
शत-प्रतिशत राज्य के अंश वाले पेंशनधारकों को नियमित रूप से पेंशन मिल रही है। अलबत्ता केंद्रांश वाले पेंशनधारकों की पेंशन का भुगतान अप्रैल से नहीं हो सका है। इसकी वजह स्पर्श पोर्टल में राज्य के पेंशनधारकों का डाटा अपलोड होना है। डाटाअपलोड होने का काम पूरा होने के बाद पेेंशन राशि एक साथ पेंशनधारकों के बैंक खातों में हस्तांतरित हो जाएगी।
आरएस सामंत,
जिला समाज कल्याण अधिकारी, चंपावत।

© 2026. All Rights Reserved.