Wednesday Feb 4, 2026

सड़कों को गड्ढामुक्त करना सरकार की प्राथमिकता: पंकज पांडेय

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने आज T-J (टनकपुर-जौलजीबी) सड़क और पूर्णागिरि क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मां पूर्णागिरि देवी के दर्शन भी किए। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी और ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने देवी मां का चित्र व चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। साथ ही उन्होंने पूर्णागिरि मंदिर के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। पंडित तिवारी ने धाम के विकास और क्षेत्र के लोगों के हित के लिए बेहद महत्वपूर्ण सैलागोठ से श्यामलाताल तक रोड निर्माण की भी मांग की।

सड़क का मुआयना करते लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडेय।

सचिव ने लोनिवि के अधिकारियों के साथ टनकपुर-जौलजीबी मार्ग पर निर्माणाधीन चूका पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को समय पर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। सचिव पांडेय ने बताया कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के काम को प्राथमिकता से किया जा रहा है। इस मौके पर देहरादून से आए मुख्य अभियंता हरीश पांगती, अल्मोड़ा के मुख्य अभियंता डीएस ह्याकी, PIU के अधिशासी अभियंता आदर्श गोपाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहन चंद्र पलड़िया, SDM अनुराग आर्य आदि अधिकारी मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.