चंपावत गोरलचौड़ स्थित प्रेक्षागृह में उत्तरांचल उत्थान परिषद् के तत्वावधान में आयाेजित हुआ पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन
पंचायत प्रतिनिधियों की सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने में भूमिका अहम
जिले के त्रिस्तरीय पंचायत और निकाय प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
देवभूमि टुडे
चंपावत। उत्तरांचल उत्थान परिषद् के तत्वावधान में चंपावत के राजकीय प्रेक्षागृह गोरलचौड़ में पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका, कर्तव्यों और ग्रामीण विकास में उनकी प्रभावी सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिलेभर से त्रिस्तरीय पंचायत और निकाय प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
उत्थान परिषद् के प्रांतीय अध्यक्ष नरेंद्र लडवाल की अध्यक्षता में आज 27 जनवरी को हुए सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि समाज के मुख्य धारा से जुड़े रहते हैं। सरकार और जनता के बीच में सेतु का कार्य करते हुए पंचायत प्रतिनिधि समाज में सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में जिम्मेदारी और भी तब बढ़ जाती है, जब व्यक्तियों की अपेक्षाएं अधिक हों।

प्रांत सेवा प्रमुख पवन ने कहा कि पंचायत के जनप्रतिनिधि केवल राजकीय क्रियांवयन पर ही ध्यान न दें, बल्कि यह विचार करें कि वे समाज हित में सुधार के लिए क्या कर सकते हैं। उन्हाेंने कार्यों को समाज के हित में करने और सामाजिक समरसता बढ़ाने पर जोर दिया। नागरिक कर्तव्य, मौलिक अधिकार और संघ शताब्दी वर्ष के तहत आह्वान किए गए पंच परिवर्तन की जानकारी दी। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने पंचायत प्रतिनिधियों से समाज की अपेक्षाएं और हमारी भूमिका पर संवाद करते हुए कहा कि पंचायत लोकतंत्र की सबसे अहम कड़ी है। सामाजिक हितों में सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए प्रतिनिधियों को गांव के जरूरतमंद लोगों की प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना चाहिए। जिससे सभी लोग समाज की मुख्य धारा से जुड़ सकें।
जय गोल्ज्यू जन्मभूमि सांस्कृृतिक कला मंच के दल नायक रघुराज के नेतृत्व में कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम संयोजक जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी व सह संयोजक मोहित पाठक के संचालन में हुए कार्यक्रम में विभाग प्रचारक वतन, सह विभाग प्रचारक जितेंद्र, चंद्रकिशोर बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, गोविंद वर्मा, सतीश पांडेय, जिला पंचायत सदस्य मनीषा कालाकोटी, पुष्कर राम,सचिन जोशी सहित तमाम ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व सभासद मौजूद थे।


© 2026. All Rights Reserved.