Wednesday Feb 4, 2026

'5-डे वर्क वीक' की मांग को लेकर आज विभिन्न बैंकों की 52 शाखाओं में एक दिन हड़ताल रही

देवभूमि टुडे

चंपावत। UFBU (यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस) के आह्वान पर आज 27 जनवरी को चंपावत जिले के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की हड़ताल रही।  '5-डे वर्क वीक' (सप्ताह में पांच कार्य दिवस) की मांग को लेकर हुई इस हड़ताल का चंपावत जिले में बैंकों के कामकाज पर व्यापक असर पड़ा।

24 जनवरी को चौथा शनिवार, 25 जनवरी को रविवार और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के कारण बैंक पहले ही लगातार 3 दिन बंद थे, और आज मंगलवार को हुई इस हड़ताल से शाखा स्तर की सेवाओं पर जबर्दस्त मार पड़ी। निजी बैंकों और सहकारी बैंकों को छोड़ सभी बैंक हड़ताल में शामिल थे।

चंपावत के लीड बैंक प्रबंधक अमर सिंह ग्वाल ने बताया कि चंपावत जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की 52 शाखाओं में हड़ताल रही। सरकारी बैंकों की इन शाखाओं में नकद जमा, निकासी, चेक क्लियरेंस और प्रशासनिक कार्य प्रभावित रहा।

चंपावत में बैंक शाखाओं में लटके ताले।

वर्तमान में बैंकों में हर माह सिर्फ दो (दूसरे व चौथे) शनिवार छुट्टी रहती है। यूनियन की मांग है कि प्रत्येक शनिवार को अवकाश घोषित किया जाए। मार्च 2024 में हुए वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंकस एसोसिएशन और यूनियनों के बीच प्रत्येक शनिवार को छुट्टी घोषित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन सरकार ने अभी तक इसकी अधिसूचना जारी नहीं हुई है। इसके चलते सार्वजनिक क्षेत्रों के बैंकों में मंगलवार को तालाबंदी रही।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.