Sunday Nov 8, 2026

लोहाघाट के सुंई पऊ के डुंगरी क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने की

तमाम कवायद के बावजूद अब तक हाथ खाली

गुलदार ने 4 नवंबर की रात लोहाघाट रेंज के सुई पऊ में घर के पास 13 साल के हर्षित पुजारी को जान से मार डाला था

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के पास सुंई पऊ के डुंगरी क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए तमाम कवायद के बावजूद अब तक हाथ खाली हैं। गुलदार वन विभाग के हत्थे नहीं चढ़ सका है। शनिवार शाम डीएफओ डी पुरुषोत्तमन और एसडीओ सुनील कुमार ने गल्लागांव के गुलदार प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग की टीम से अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के दिशा-निर्देश दिए।

4 नवंबर की रात लोहाघाट रेंज के सुई पऊ में गुलदार ने घर से चंद कदम दूर 13 साल के हर्षित पुजारी को जान से मार डाला था। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत है। ग्रामीण शाम के बाद घर से बाहर निकलने पर डर रहे हैं। गुलदार की दहशत को कम करने के लिए वन विभाग ने कई कदम उठाए हैं। घटना के बाद से ही क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है। लोहाघाट के वन क्षेत्राधिकारी रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। ग्रामीणों को गुलदार से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।

जागरूक करती वन विभाग की टीम।

वन विभाग ने उठाए हैं ये कदम:

क्षेत्र में लगाए गए हैं 7 पिंजरें।

गुलदार की लोकेशन को ट्रैप करने के लिए 12 कैमरे एवं 3 वाईफाई कैमरे।

ट्रेंकुलाइज करने के लिए टीम मुस्तैद है।

क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई हैं।

ये एहतियाती कदम उठाएं लोग:

जंगल या गांव के सुनसान रास्तों पर हमेशा समूह में चलें। अकेले बाहर न निकलें।

छोटे बच्चों या बुजुर्गों को बाहर या स्कूल आते-जाते समय अकेला न छोड़ें। बच्चों को समूह में स्कूल भेजें।

बाहर निकलते समय हाथ में लाठी-डंडा साथ रखें। रात के समय टॉर्च साथ रखें।

सुबह, शाम या अंधेरा होने के बाद खासकर शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

खुले स्थानों में शौच के लिए जाने से बचें।

घर, आंगन और गौशालाओं के आसपास झाड़ियों और ऊंची घास को हटा दें। इससे गुलदार को छिपने की जगह नहीं मिलेगी।

घर और गौशालाओं के आसपास तेज सोलर लाइट या सेंसर वाली लाइटें लगाएं।

मवेशियों को गौशाला या कमरों में बंद रखें।

गुलदार दिखने पर वन विभाग के टोल-फ्री नंबर 1926 पर कॉल करें।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.