Wednesday Jan 14, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹ 17014.89 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया

रणकोची धाम से जनकल्याण का संकल्प

देवभूमि टुडे (सौजन्य सूचना विभाग)

चंपावत/रियासीबमन। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के रियासी बमनगांव में स्थितमां रणकोची मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में हुए जन संवाद कार्यक्रम में लोगों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था, संस्कृति, संवाद और विकास के समन्वित प्रयास से जिले में आने वाले वर्षों में उत्तराखण्ड का एक आदर्श, सशक्त और आत्मनिर्भर जनपद बनेगा।

CM ने मुख्यमंत्री "संस्कृति संवर्धन पहल" के अंतर्गत चंपावत जिले के ऐतिहासिक मंदिरों के पुजारियों को “कला, परंपरा और पहचान” किट वितरित की, जिसमें वाद्य यंत्र, धार्मिक पुस्तकें, पूजा सामग्री एवं अन्य सांस्कृतिक सामग्री शामिल थीं। इस पहल का उद्देश्य नशा मुक्त भारत एवं नशा मुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार करना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की। समान नागरिक संहिता के अंतर्गत प्रमाणपत्र प्राप्त करने वालों में कुंती देवी व बसंती देवी (ग्राम तरकुली), लक्ष्मी देवी व बबीता देवी (ग्राम रियासी बमनगाँव) शामिल रहीं। श्रम विभाग की टूल किट नंदा बेलवाल, गीता एवं भागीरथी देवी (टनकपुर) को दी गई। स्वयं सहायता समूह की उत्कृष्ट कार्य करने वाली हेमा देवी, रजनी देवी एवं बसंती देवी को सम्मानित किया गया। पशु कल्याण विभाग के अंतर्गत धन्ना देवी, मीना देवी एवं लक्ष्मी देवी को डमी चेक दिए। समाज कल्याण विभाग ने 7 लाभार्थियों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र एवं वॉकिंग स्टिक वितरित की।

CM ने  किए ये 7 ऐलान:

1.सीम, खेत, चूका एवं सौराई क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जाएंगे।

2.तल्लादेश क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

3.पूर्णागिरि मेला 2026 के सुचारु संचालन हेतु ₹2.5 करोड़ की धनराशि दी जाएगी।

4.विधानसभा चम्पावत के मंचकारी मोटर मार्ग तथा रमैला–गागरी–दमतोला मोटर मार्ग का डामरीकरण किया जाएगा।

5.जिला चिकित्सालय चम्पावत की निर्माणाधीन क्रिटिकल यूनिट में लिफ्ट सहित अन्य मरीज सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

6.ग्राम सभा नीड में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएनएम उपकेंद्र) की स्थापना की जाएगी।

7.चंपावत में इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए 15 नाली भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।

जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत आस्था, संस्कृति और इतिहास से समृद्ध भूमि है, जहाँ आस्था केवल पूजा का माध्यम नहीं बल्कि जीवन को दिशा देने वाली चेतना है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की वास्तविक शक्ति उसकी संस्कृति में निहित होती है। माता रणकोची मंदिर का विकास केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का सशक्त प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने DM मनीष कुमार के नेतृत्व मे जिले की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का मूल मंत्र “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” है। जिले में न्याय पंचायत स्तर पर हुए जनसंवाद कार्यक्रमों के जरिए बड़ी संख्या में समस्याओं का समाधान हुआ है और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिला है।

मौजूद थे ये लोग:

भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल माहरा, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, सूरज प्रहरी, क्षेत्र प्रमुख अंचला बोहरा, टनकपुर नगरपालिका अध्यक्ष विपिन वर्मा, बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, चंपावत  पालिकाध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, DM मनीष कुमार, पिथौरागढ़ की SP रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण।

20 विकास योजनाओं का हुआ लोकार्पण-शिलान्यास:

मुख्यमंत्री ने मां रणकोची मंदिर परिसर से जिले में कुल ₹17014.89 लाख की लागत की 20 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹3395.05 लाख की लागत से 9 योजनाओं का लोकार्पण और ₹ 13619.84 लाख 11 का शिलान्यास किया गया।

लोकार्पण:

घटोत्कच मंदिर परिसर में बाहरी दीवार, दो कक्षों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, लोहाघाट रामलीला मैदान के समीप सांस्कृतिक मंच निर्माण, सैनिक विश्राम गृह टनकपुर, पूर्णागिरी धाम टुन्यास में पार्किंग निर्माण, रीठा साहिब चंपावत में कार पार्किंग, लफड़ा–स्यूली–बुड़ाखेत मोटर मार्ग, पंचेश्वर क्षेत्र के खीड़ी गाँव से धौनी शिलिंग मोटर मार्ग, लोहाघाट क्षेत्र के कालशन ठोठा से बनोली सुदरका व ठांठा मोटर मार्ग तथा मरोड़ाखान से एबटमाउंट मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण शामिल है।

शिलान्यास:

बिरगुल से कैन्यूडा तक ग्रामीण मोटर मार्ग, रमैला से बालेश्वर मोटर मार्ग, राउमावि दयारतोली में दो कक्ष निर्माण, पंथ्युड़ा में सरयू तट पर ग्लेम्पिंग साइट, पूर्णागिरी तहसील राजस्व भवन, टनकपुर में नवीन राज्य अतिथि गृह, ग्राम पंचायत नायकगोठ के किरोड़ा नाले पर 480 मीटर व 120 मीटर लंबे पुल, पल्यों कलजाख से अमोडा मोटर मार्ग, बनबसा ग्रामीण क्षेत्रों में 10 किमी आंतरिक सड़क सुधार, कालसन भोलेश्वर क्षेत्र में निर्माण कार्य तथा रणकोची मंदिर का पर्यटन की दृष्टि से पुनर्निर्माण कार्य शामिल है।

 

 

 




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.