चंपावत जिले में बीते 4 सप्ताह में दावाग्नि की हो चुकी हैं 5 घटनाएं
देवभूमि टुडे
चंपावत/ लोहाघाट। इन दिनों कड़ाके की सर्द है। चंपावत जिले में पिछले साल 9 अक्टूबर के बाद बारिश नहीं हुई। 3 माह से अधिक समय हो गया, एक भी बूंद नहीं बरसने से वातावरण से नमी गायब है। आज 12 जनवरी को भी न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन इसके बावजूद जंगल में आग की घटनाएं थम नहीं रही है। वहीं आज लोहाघाट रेंज के दिगालीयौड़ क्षेत्र के जंगल में आग लगी।
लोहाघाट रेंज के दिगालीचौड़ क्षेत्र में अज्ञात अराजक तत्वों ने दिगालीचौड़ और रौसाल के बीच के जंगल में आग लगा दी। जिससे वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। अलबत्ता जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि दिगालीचौड़ के आसपास के जंगल में कतिपय अज्ञात लोगो ने आग लगाई। विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद इसे बुझा बड़े नुकसान को बचाया। जंगल में आग लगाने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वैसे चंपावत जिले में 16 दिसंबर से बीते 4 सप्ताह में दावाग्नि की 5 घटनाएं हो चुकी हैं।
© 2026. All Rights Reserved.