ITBP का 65वां स्थापना दिवस
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। ITBP (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) की लोहाघाट के सुंई छमनियां स्थित 36वीं वाहिनी में शनिवार को 65वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं। कार्यक्रम में हिमवीरों और उनके परिजनों ने भी शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ कमांडेंट संजय कुमार ने परेड की सलामी लेकर किया। उन्होंने स्थापना दिवस पर हिमवीरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ITBP की स्थापना 24 अक्टूबर 1962 को हुई थी।
स्थापना दिवस हिमवीरों और उनके परिवारों के बीच आपसी एकजुटता, सामूहिक उत्साह का अवसर है। कहा कि हिमवीर विषम परिस्थितियों में भी चीन से लगी भारतीय सीमाओं की सुरक्षा में मुस्तैद हैं। स्थापना दिवस पर वाहिनी परिसर में जलेबी दौड़, महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर और रस्साकस्सी सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं। वाहिनी की चीफ पैट्रन अनुराधा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी सूबे सिंह, उप सेनानी मुकेश चंद, सहायक सेनानी मनमोहन सिंह, अनिल कुमार और अंकुर कुमार सहित हिमवीर जवान एवं उनके परिजन मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.