फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता जांचें अधिशासी अभियंता
आंगनबाड़ी व स्कूलों में नल कनेक्शन तय समय सीमा पर दें
जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
देवभूमि टुडे
चंपावत। DM मनीष कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन के उद्देश्य को हर घर नल से हर घर जल उपलब्ध करा पूरा करें।इससे ग्रामीण क्षेत्रों में साफ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियांवयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। जल संस्थान एवं पेयजल निगम के JE व AE के अलावा अधिशासी अभियंताओं को फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
DM ने पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि स्रोतों सहित हैंडपंपों के पानी की जांच नियमित अंतराल पर की जाए। गंदे पानी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों को पेयजल कनेक्शन देने को कहा। निर्देश दिए कि जहां अभी तक कनेक्शन नहीं लगे हैं, वहां तत्काल कार्य पूर्ण किया जाए। कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं शिक्षण संस्थानों में साफ पानी की उपलब्धता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। DM मनीष कुमार ने कहा कि सभी अधूरे कार्यों की ब्लॉकवार एवं ग्रामवार सूची तैयार कर समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन, टंकी निर्माण या जल स्रोत के कार्य लंबित हैं, वहां आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।
बैठक में जल संस्थान के EE आरपी डोबवाल, पेयजल निगम के EE अशोक स्वरूप, जिला पंचायतराज अधिकारी महेश कुमार सहित जल संस्थान एवं पेयजल निगम के अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.