Wednesday Feb 4, 2026

DM मनीष कुमार के निर्देश पर Action

दिगालीचौड़ बहुद्देशीय शिविर में 743 लोगों को मिला लाभ

देवभूमि टुडे

चंपावत/दिगालीचौड़। नाकोट खोलिया के दिव्यांग शेखर चंद्र खोलिया अचंभित थे। उन्होंने कभी ये कल्पना नहीं की थी कि उनकी तकलीफ को दूर करने के लिए स्वास्थ्य महकमा घर में भी दस्तक दे सकता है। लेकिन आज 9 जनवरी को वह हो गया, जो उनकी उम्मीद से परे था। करीब 2 किमी चल CMO डॉ. देवेश चौहान दिव्यांग शेखर चंद्र खोलिया के घर पहुंचे। तकलीफ जानी, जरूरी जांच की और फिर शुरू हुआ इलाज। 38 साल के खोलिया 16 माह पूर्व जयपुर में फैक्ट्री में करंट लगने से बुरी तरह से झुलस गए थे, जिससे उनके शरीर का आधा हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया। साथ ही लंबे समय तक बिस्तर पर रहने से कई और दिक्कतें भी हो गई। जिस कारण वे चलने-फिरने में असमर्थ हैं।

लेकिन आज 9 जनवरी को ये असाधारण सरकारी सेवा मिली कैसे? हुआ यूं कि आज शुक्रवार को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत न्याय पंचायत ढोरजा के GIC मैदान दिगालीचौड़ में हुए बहुद्देशीय शिविर में दिव्यांग शेखर चंद्र खोलिया की परेशानी की जानकारी DM मनीष कुमार को हुई। उन्होंने CMO को घर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। जिसके बाद ये समूची कवायद हुई। CMO डॉ. देवेश चौहान ने जांच के बाद DM को रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके आधार पर दिव्यांग शेखर चंद्र खोलिया को जिला अस्पताल में निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

शिविर में समस्याएं सुनते DM मनिष कुमार।

वैसे बहुद्देशीय शिविर में 104 शिकायत पत्रों में से ज्यादातर का DM ने मौके पर निस्तारण किया। 743 लोगों को विभिन्न विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ। कई लोगों को आर्थिक सहायता, वात्सल्य योजना के अंतर्गत लाभ दिलाने के लिए जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कई लोगों के दिव्यांग प्रमाणपत्र भी बनाए गए।

रेडक्रॉस सोसाइटी ने 21 जरूरतमंद परिवारों को कंबल, किचन किट एवं अन्य सामग्री वितरित की। महिला एवं बाल विकास विभाग ने सामूहिक बालिका जन्मोत्सव मनाकर बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक विषयों पर प्रदर्शनी लगाकर जन-जागरूकता बढ़ाई। शिविर में वरिष्ठ BJP नेता सतीश पांडेय, सुभाष बगोली, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, SDM नीतू डांगर, CEO मेहरबान सिंह बिष्ट, BDO कविंद्र सिंह रावत सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी, जन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.