DM मनीष कुमार ने टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला क्षेत्र में मरम्मत के काम का निरीक्षण किया
निर्माण कार्य के दौरान यातायात संचालन में न हो दिक्कत
देवभूमि टुडे
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला में चल रहे मार्ग सुधार एवं चौड़ीकरण कार्य की प्रगति का DM मनीष कुमार ने आज 9 जनवरी की देर शाम को Ground ZERO पर पहुंच कर जायजा लिया। उन्होंने हिल साइड व डाउन साइड की कटिंग के काम को समय पर पूरा करने को कहा। कहा कि हिल साइड पर निर्मित किए जा रहे 7 बेंचों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। कहा कि हिल साइड पर जब सबसे निचला बेंच तैयार हो जाए, तो उसकी जानकारी उन्हें तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्ययोजना के अनुसार निरीक्षण किया जा सके।



DM ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आवश्यकता अनुसार पहाड़ से अनावश्यक मिट्टी समय रहते हटाई जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने बचा हुआ काम निर्धारित समयसीमा के भीतर तकनीकी मानकों और सुरक्षित कार्य प्रणाली के साथ करने के निर्देश दिए। रात्रिकालीन कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेत, सुरक्षा बैरिकेडिंग, कार्यस्थल पर सुरक्षित दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करने सहित सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन की भी समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य के दौरान यातायात सुचारू संचालित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्मिक मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.