आक्रोशित लोगों ने किया प्रदर्शन
पाटन-पाटनी के कनेड़ा और प्रेमनगर के लिए 3 वर्ष पूर्व शुरू हुआ था योजना का निर्माण कार्य
जल्द योजना का काम पूरा न होने पर आंदोलन की चेतावनी
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत पाटन-पाटनी के कनेड़ा और प्रेमनगर तोक के लिए बन रही हर घर नल, हर घर जल योजना के काम में देरी हो रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द योजना का काम पूरा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि पेयजल की व्यवस्था न होने से लोग दूरदराज से पानी ढोने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 3 साल पहले 4.50 करोड़ रुपये से शुरू हुई इस योजना के तहत क्षेत्र के करीब 400 परिवारों को नल से जल पहुंचाया जाना था। इसके लिए रोडवेज क्षेत्र के नीचे गधेरे में ट्यूबवेल और पाटन गांव के ऊपर पानी की टंकी बनाने का प्रस्ताव था। इस योजना से प्रेमनगर में पाइप लाइन के जरिए जलापूर्ति होनी थी। लेकिन अब तक पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं हुआ है। बताया कि 6 माह पहले ग्रामीणों के धरना-प्रदर्शन के बाद विभाग ने कनेड़ा तोक में पंप हाउस बनवाया और बिजली लाइन बिछाई, लेकिन इसके बाद कोई प्रगति नहीं हुई। विभाग बार-बार टालमटोल कर रहा है। योजना न बनने से क्षेत्रवासी गाड़-गधेरों और अन्य स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि आगामी सोमवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार और क्षेत्र पंचायत सदस्य सोबन सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण जनता मिलन कार्यक्रम में DM मनीष कुमार के सम्मुख इस समस्या को रखेंगे। प्रदर्शन करने वालों में भूपेश सिंह देव, आनंद सिंह ओली, मोहन जोशी, हयात सिंह तड़ागी, हरीश अधिकारी, सुंदर नाथ गोस्वामी, अमरनाथ, नरेंद्र चौधरी, जगदीश चंद्र, महेंद्र सिंह मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.