Sunday Jun 21, 2026

बाराकोट में चारा लेने गया था 70 साल का बुजुर्ग

बाराकोट ब्लॉक के ढटीगांव के एक बुजुर्ग के पेड़ से गिरने से मौत का अंदेशा

देवभूमि टुडे

चंपावत/बाराकोट। बाराकोट ब्लॉक के ढटीगांव स्थित सिमलटुकरा तोक में एक बुजुर्ग की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जंगल में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेज दिया है। मृतक की पहचान शिवराज सिंह बोहरा (70) निवासी सिमलटुकरा तोक के रूप में हुई है।

 

परिजनों के मुताबिक शिवराज सिंह 4 जनवरी को मवेशियों के लिए घास-पत्ती काटने जंगल गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवारवालों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। आज 5 जनवरी की सुबह तलाश के दौरान उनका शव जंगल में झाड़ियों में मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बाराकोट पुलिस चौकी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। बाराकोट पुलिस चौकी के मुताबिक प्रथम दृष्टया मौत का कारण पेड़ से गिरना लग रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग पत्ते लेने के लिए पेड़ पर चढ़े होंगे, जहां से फिसलकर वे झाड़ियों में गिर गए। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.