Monday Jul 6, 2026

DM मनीष कुमार के मुआयने में सामने आई तस्वीर

CM हेल्पलाइन के एक शिकायतकर्ता से फोन पर बात कर प्रकरण की जानकारी ली

CM हेल्पलाइन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर फटकार

देवभूमि टुडे

चंपावत। UPCL (उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड) के चंपावत डिवीजन कार्यालय में अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकरिया सहित 6 कर्मी गैर हाजिर मिले। यह तस्वीर जिलाधिकारी मनीष कुमार के आज 6 जुलाई को हुए औचक मुआयने के दौरान सामने आई। उन्होंने गैर हाजिर मिले सभी 6 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्पष्टीकरण तलब किया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने RTI रजिस्टर, कार्यालय अभिलेखों, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यालय व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

मुआयना करते DM मनीष कुमार।

जिलाधिकारी ने CM हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की तथा इस दौरान उन्होंने CM हेल्पलाइन के एक शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे नवंबर 2025 में 14 हजार रुपये तथा फरवरी 2026 में 6075 रुपये का बिजली बिल प्राप्त हुआ, जिसका उसने भुगतान भी कर दिया। इसके बावजूद मार्च एवं अप्रैल माह का लगभग 88 हजार रुपये का बिल जारी किया गया है। कई बार विभाग को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। शिकायतकर्ता से बातचीत के बाद DM ने कहा कि प्रथम दृष्टया प्रकरण में विभागीय लापरवाही नजा आ रही है। उन्होंने अधिशासी अभियंता को तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान DM ने सीमांत क्षेत्र सौरई एवं तामली में बार-बार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति में तत्काल सुधार करने, स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। SDO संजय भंडारी ने विभागीय व्यवस्थाओं एवं बिजली आपूर्ति के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.