चंपावत के अटल उत्कृष्ट जीआईसी में विज्ञान मॉडल, प्रश्नोत्तरी और ड्रामा में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा
देवभूमि टुडे
चंपावत। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आयोजित पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का जनपद स्तरीय आयोजन चंपावत के अटल उत्कृष्ट जीआईसी में किया गया। महोत्सव का मुख्य विषय जलवायु परिवर्तन अनुकूल रणनीतियां तथा आपदा जोखिम प्रबंधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा एवं स्वच्छता रहा।
शुभारंभ करते हुए दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि बिना मेहनत के सफलता प्राप्त करना संभव नहीं है। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने जनपद में विज्ञान के लोकप्रियकरण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए निर्माणाधीन साइंस सिटी को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। जीआईसी के प्रधानाचार्य उम्मेद सिंह बिष्ट ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. चक्रपाणि चतुर्वेदी ने छात्रों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया। जिला समन्वयक नवीन पंत ने जनपद में संचालित विज्ञान एवं विज्ञान लोकप्रियकरण संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन जिला विज्ञान समन्वयक नरेश जोशी ने किया।


6 अक्टूबर को हुए महोत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। प्रथम दिवस हिंदी कविता पाठ, अंग्रेजी कविता पाठ, विज्ञान मॉडल, विज्ञान ड्रामा एवं प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और आधुनिक तकनीक से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में ललित मोहन बोहरा, जगदीश अधिकारी, चक्रपाणि चतुर्वेदी, नवीन पांडेय, भुवन जोशी, जीवन सोरारी, सतीश गहतोड़ी, डॉ. दीपक सोराड़ी, राजेंद्र गड़कोटी, सुनील पांडेय, गिरीश जोशी, नीरज पांडेय, रूपाली सिंह, गुंजन बिष्ट, योगेश जोशी, शोभा गड़कोटी, हरीश पांडेय, नवीन जोशी, प्रकाश उपाध्याय, नवीन बिष्ट हरीश गहतोड़ी सहित जनपद के शिक्षक, विज्ञान समन्वयक एवं बाल वैज्ञानिक मौजूद रहे।
© 2026. All Rights Reserved.