चंपावत जिले के देवदार एवं बांज के पौधों के संरक्षण के लिए उठाएं कदम
कलक्ट्रेट में हुई बैठक में DM मनीष कुमार ने दिए निर्देश
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट क्षेत्र के भेड़खान में देवदार के पेड़ों को गर्डल किए जाने के गंभीर प्रकरण पर DM मनीष कुमार ने नाराजगी जताई है। इसे लेकर कलक्ट्रेट में हुई बैठक में उन्होंने जिले में देवदार एवं बांज के वृक्षों के संरक्षण के लिए सख्त निर्देश जारी किए। DM ने कहा कि “हर देवदार और बांज के पेड़ को बचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पेड़ों का संरक्षण केवल वन विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि सभी विभागों एवं समाज का कर्तव्य है।” उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्ष संरक्षण के लिए विभिन्न विभागों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी जाएं।

DM ने पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिले के सभी संबंधित पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण चिन्हित कर तत्काल हटाने के निर्देश दिए। DM ने पटवारियों, ग्राम विकास अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता को बेवजह रूप से फाइलों में नहीं उलझाया जाए तथा सभी प्रकरणों का दो दिवस के भीतर हर हाल में निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा दोनों ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ काम किया जाना जरूरी है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, SDM अनुराग आर्या, आकाश जोशी, नीतू डांगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के पटवारी व फील्ड अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.