दिल्ली में भी आयोजित होगा उत्तराखंड माल्टा महोत्सव : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देवभूमि टुडे
चंपावत/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज 3 जनवरी को राजकीय उद्यान सर्किट हाउस गढ़ीकैंट में उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में माल्टा के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए माल्टा मिशन शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली में भी राज्य की ओर से माल्टा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री .ने अपनी धर्मपत्नी गीता पुष्कर धामी के साथ विभिन्न जिलों की माल्टा एवं नींबू प्रजाति के फलों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर माल्टा एवं नींबू की खटाई सहित नींबू प्रजाति के फलों से बने विभिन्न उत्पादों का स्वाद भी लिया।




CM ने कहा कि माल्टा उत्तराखंड की पहचान एवं परंपरा से जुड़ा है। राज्य की आर्थिकी व समृद्धि को सशक्त करने में बागवानी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इन्हीं संभावनाओं को साकार करने के लिए एप्पल मिशन व कीवी मिशन जैसी शुरूआत की गई है। इसी तर्ज पर माल्टा के उत्पादन को बढावा देने के लिए माल्टा मिशन की शुरुआत की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के माल्टा की ब्रांडिंग व इसे बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। राज्य के हर जिले में माल्टा महोत्सव का आयोजन इन्हीं प्रयासों की एक कड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य के माल्टा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए दिल्ली में भी राज्य की ओर से माल्टा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में किसानों की आर्थिकी को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह पहल पलायन रोकने और युवाओं को अपने गांव के पास ही रोजगार देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में माल्टा, सेब, नाशपाती, कीवी, अखरोट, आड़ू और नींबू वर्गीय फलों के बागान स्थापित करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। फसल आधारित क्लस्टर विकसित कर उत्पादन और विपणन को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य में माल्टा व गलगल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। सरकार द्वारा बागान लगाने पर 50% अनुदान, सूक्ष्म सिंचाई पर 70 से 80 % अनुदान तथा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों पर 60 % तक अनुदान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महक क्रांति की शुरूआत कर राज्य में सुगंधित पौधों की खेती को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल की गई है।
मुख्यमंत्री ने माल्टा महोत्सव में प्रतिभाग करने आए पौड़ी गढ़वाल के माल्टा उत्पादक हरीश के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि उन्होंने 53 प्रजातियों के करीब 1 हजार पौधे रोपित किए हैं और इस बार भी 200 पौधे रोपित करने की तैयारी कर रहे हैं।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि माल्टा जैसे स्थानीय फलों के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। ये महोत्सव किसानों को नए बाजारों से जोड़ने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी देंगे। कार्यक्रम में सांसद नरेश बंसल, विधायक दायित्वधारी सविता कपूर, कैलाश पंत, प्रताप सिंह पंवार, कृषि सचिव डॉ. एसएन पांडेय सहित कई जन प्रतिनिधि, अधिकारी एवं विभिन्न जिलों से आए किसान भी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.