टनकपुर में 533.79 लाख रुपये से बनने वाले भवन के लिए 213.51 लाख रिलीज
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। जिले की मैदानी तहसील पूर्णागिरि में मिनी विकास भवन, राजस्व भवन (बार भवन) के निर्माण कार्य को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। प्रस्तावित राजस्व भवन के लिए कार्यदायी संस्था पेयजल निगम लोहाघाट द्वारा प्रस्तुत आंगणन के परीक्षण के बाद 533.79 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय मंजूरी दी गई है। इसके सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹213.51 लाख की राशि निर्माण कार्य शुरू किए जाने को निर्गत की गई है।
DM मनीष कुमार के मुताबिक टनकपुर में मिनी विकास भवन की स्थापना का प्रमुख उद्देश्य पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्रों से जुड़े नागरिकों को प्रशासनिक सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराना है। जिससे आम लोगों को सामान्य कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक बार-बार न जाना पड़े। साथ ही पूर्णागिरि धाम में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, सीमांत क्षेत्रों के ग्रामीणों और व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। यह भवन एकीकृत प्रशासनिक सेवाओं के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित तिमंजिले भवन में राजस्व, विकास, सामाजिक कल्याण, जन-शिकायत निस्तारण सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इसके अलावा भवन में डीएम एवं एडीएम कार्यालय, बैठक कक्ष, एटीएम और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शारदा कॉरिडोर परियोजना जो पर्यटन, धार्मिक आवागमन, स्थानीय व्यापार एवं सीमांत विकास को नई गति प्रदान करेगी। प्रभावी संचालन, समन्वय एवं निगरानी में भी यह मिनी विकास भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
© 2026. All Rights Reserved.