Wednesday Feb 4, 2026

चंपावत विधानसभा क्षेत्र की 113 ग्राम पंचायतों और 27 नगर वार्डों में होंगे विकास कार्य

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत विधानसभा सीट का सदन में नुमाइंदगी करने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक निधि की 8.70 करोड़ रुपए की राशि से बहुआयामी विकास कार्य स्वीकृत किए हैं। इस राशि से चंपावत विधानसभा क्षेत्र की 113 ग्राम पंचायतों और चंपावत, टनकपुर व बनबसा नगर क्षेत्र के 27 वार्डों में  विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ-साथ धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षिक एवं पर्यावरणीय जरूरतों को भी मजबूती मिलेगी।

CM कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने बताया कि विधायक निधि में स्वीकृत विकास कार्यों में सार्वजनिक मेला स्थलों के 77 विकास कार्य, सीसी मार्ग निर्माण के 81, संपर्क मार्ग निर्माण के 39 और मार्ग सुधारीकरण के 17 कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अतिरिक्त इंटरलॉक टाइल्स के 2 कार्य, हल्के मोटर वाहन मार्ग के 2 कार्य एवं मार्गों में आईबीएम भरान के 2 कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

जन स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए पेयजल स्रोत निर्माण का 1 कार्य, शौचालय निर्माण के 3 कार्य, वाटर कूलर स्थापना का 1 कार्य और ह्यूम पाइप के 3 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा मंदिर सौंदर्यीकरण के 44 कार्य, होली प्रांगण निर्माण के 4, रामलीला मंच निर्माण के 2, प्रवेश द्वार निर्माण के 6 और मुक्तिधाम निर्माण के 2 कार्य मंजूर किए गए हैं। वहीं सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा दीवार निर्माण के 17, सुरक्षा घेरबाड़ के 2, पुलिया निर्माण के 4, चहारदीवारी  निर्माण का 1 और लघु मरम्मत का 1 कार्य भी स्वीकृत किया गया है।

नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत विधायक निधि की शत-प्रतिशत विधायक निधि विकास कार्यों के लिए समर्पित की है। इससे चंपावत क्षेत्र के विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिलेगी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.