देवभूमि टुडे ( सौजन्य सूचना विभाग )
न्याय पंचायत सिमियाउरी स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, तामली में राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी एवं जनोन्मुखी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत बहुद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को सीधे आमजन के द्वार तक पहुँचाना, जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी लाभ सुनिश्चित करना तथा नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना रहा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर सेवाएं प्रदान की गईं। कृषि विभाग द्वारा 30 से अधिक, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 25 से अधिक, उद्यान विभाग द्वारा 15 से अधिक, समाज कल्याण विभाग द्वारा 10, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 17, खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा 10 से अधिक, श्रम विभाग द्वारा 15 से अधिक, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 93 , आयुष विभाग द्वारा 100 से अधिक, होम्योपैथी विभाग द्वारा 80 से अधिक, पशुपालन विभाग द्वारा 86 एवं डेयरी विकास विभाग द्वारा 20 तथा सहकारिता विभाग द्वारा 15 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान कुल मिलाकर 635 से अधिक नागरिक विभिन्न विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं से लाभान्वित हुए। इसके साथ ही 24 लोगों के आधार कार्ड संशोधन एवं यूसीसी पंजीकरण से संबंधित प्रकरणों पर भी कार्यवाही की गई। कैंप के दौरान विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाने हेतु 180 लोगों ने आवेदन किए।
इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से सुना। आमनी निवासी माया देवी ने पानी की समस्या पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान सहित उरेड़ा विभाग आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तामली की नीमा जोशी के आवास न होने की शिकायत पर DM ने BDO को आवश्यक कार्यवाही करने के निदेश दिए। नंदा देवी की सोलर लाइट की शिकायत पर उरेड़ा विभाग को निर्देशित किया। भुवनेश्वरी देवी की पेयजल समस्या पर जल संस्थान को कार्यवाही करने के निदेश दिए।





कार्यक्रम के दौरान DM ने 35 जरूरतमंदो को रेड क्रॉस की तरफ से कंबल वितरित किए। शिविर में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। आयुष विभाग द्वारा आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक परामर्श के साथ औषधियों का वितरण किया गया। कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नेत्र परीक्षण, सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्त जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड संशोधन एवं केवाईसी की सुविधा दी गई।
इसके अतिरिक्त SBI RSETI द्वारा स्वरोजगार एवं कौशल विकास प्रशिक्षण, सहकारिता विभाग ने ऋण एवं सहकारी योजनाओं की जानकारी तथा पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग द्वारा पशु स्वास्थ्य परीक्षण सेवाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
© 2026. All Rights Reserved.