Wednesday Feb 4, 2026

चंपावत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की कवायद तेज

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत लगाई जाएंगी कांपेक्टर मशीनें: जिप अध्यक्ष अधिकारी

देवभूमि टुडे

चंपावत। नगर निकायों की तरह ही जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की कवायद तेज हो गई है। जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत कूड़ा निस्तारण के लिए कांपेक्टर मशीनें लगाई जा रही हैं। जिनमें प्लास्टिक सहित सूखे कूड़े को रिसाइकिल किया जाएगा। अभियान के तहत ग्रामीण बाजारों और जिला पंचायत के क्षेत्रों के अंतर्गत सूखा कूड़ा निस्तारण को कांपेक्टर निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी करने के बाद कूड़े के रिसाइकिलिंग का काम ठेके पर दिया गया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी।

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सूखे कूड़े को कांपेक्टर में बेल निर्मित कर रिसाईकिंग के लिए भेजा जाएगा। जिसके लिए चंपावत, लोहाघाट, बाराकोट और पाटी विकासखंड में चयनित स्थलों पर कांपेक्टर स्थापित कर दिए गए हैं। जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों से कूड़े के निस्तारण के लिए लगातार जागरूक कर रहा है। ग्रामीणों को सूखा और गीला कूड़ा निस्तारण के अलग-अलग उपायों की जानकारी दी जा रही है। संबंधित ग्राम पंचायतों और अन्य संस्थाओं को हर माह जिला पंचायत उप विधियों के अनुसार यूजर चार्ज के भुगतान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कूड़ा निस्तारण के लिए 4 नए वाहनों को दिखाई हरी झंडी

चंपावत। नए साल के आगाज के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने जिले के चारों विकासखंडों के लिए एक-एक कूड़ा वाहनों को विधिवत रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों से भी कूड़े का नियमित उठान और उसका निस्तारण वैज्ञानिक तरीके से हो सकेगा।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.