लोहाघाट की यातायात व्यवस्था को लेकर लिया गया निर्णय
SP अजय गणपति की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद नई व्यवस्था पर हुआ फैसला
स्कूल समय के दौरान कुल 2 घंटे वन-वे व्यवस्था रहेगी
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट की वन-वे यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 12 घंटे के बजाय अब स्कूल खुलने व बंद होने के वक्त सिर्फ कुल 2 घंटे ही ये वन-वे सिस्टम लागू होगा। पुलिस प्रशासन ने सर्वे और जन प्रतिनिधियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों की सहमति से इस संशोधित यातायात व्यवस्था का निर्णय लिया है।
1 जनवरी को इस ट्रैफिक सिस्टम की समीक्षा के लिए पुलिस ने नागरिकों, व्यापारियों और अन्य संबंधित पक्षों की बैठक निर्धारित की थी। अलबत्ता आज साल 2026 के पहले दिन नगर पालिका सभागार में हुई बैठक में वन-वे व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया गया। सर्वे के नतीजों और लोगों की राय पर मंथन के बाद संशोधनों के साथ नई यातायात व्यवस्था को मंजूरी दी गई। लोहाघाट में बढ़ते यातायात दबाव और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था कल 2 जनवरी से प्रभावी हो गई है।
SP ने बताया कि यह व्यवस्था यातायात को सुगम बनाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है। बैठक में SDM नीतू डांगर, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश पांडेय, निर्मल माहरा, सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि चांद बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी, राज्य आंदोलनकारी नवीन मुरारी, प्रहलाद सिंह मेहता, गोविंद बोहरा, राजू गड़कोटी, राजेंद्र पुनेठा, भैरव राय, विपिन गोरखा, गिरीश कुंवर, भुवन चौबे, मनोज गर्ग, दिनेश सुतेड़ी, योगेश जोशी, सुरेश फर्त्याल, दीपक जोशी, जितेंद्र साह, विवेक ओली, दीपक राय सहित कई जनप्रतिनिधि व व्यापारी मौजूद थे।
लोहाघाट में 18 जुलाई से 31 जुलाई तक मीनाबाजार से चांदमारी तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई थी। व्यापारियों की नाराजगी के चलते विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में कांग्रेस ने तब इस व्यवस्था का विरोध किया था। 22 दिसंबर को विधायक ने बाकायदा धरना दिया था।
ये है नई ट्रैफिक व्यवस्था:
खेतीखान चौराहे से जयंती भवन तक सुबह 8 बजे से 9 बजे और दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।
इस दौरान चार पहिया वाहनों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अलबत्ता दुपहिया वाहनों को छूट दी गई है।
स्कूली बच्चों को चढ़ाने-उतारने के लिए शीतलामाता मंदिर तिराहा, मीना बाजार तिराहा और हथरंगिया तिराहा को स्टॉप निर्धारित किया गया है।
मालवाहक वाहनों के लिए लोडिंग-अनलोडिंग सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक गांधी चौक और सागर मेडिकल के पास निर्धारित स्थानों पर ही की जा सकेगी।
व्यापारियों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य सड़क व नालियों पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई होगी।
एंबुलेंस, मरीजों के वाहन और दुपहिया वाहनों को छूट रहेगी।
रविवार को वन-वे व्यवस्था लागू नहीं होगी।
© 2026. All Rights Reserved.