Wednesday Feb 4, 2026

जंगली जानवर के आने पर पेड़ पर चढ़ने और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से पेड़ से गिरने का अंदेशा

टनकपुर के ककरालीगेट किरोड़ा के जंगल में पेड़ की टहनियों में उलझा मिला शव

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर किरोड़ा ककरालीगेट के नजदीक के जंगल में लोहाघाट के एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हुई है। शव एक पेड़ में उलझा मिला। जानकारी मिलने पर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया।  

जानकारी के मुताबिक आज 30 दिसंबर की सुबह NH पर ककरालीगेट से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर शारदा रेंज के ककरालीगेट बीट के जंगल में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पेड़ की टहनी पर उलझा मिला। मृतक की पहचान लोहाघाट-पंचेश्वर क्षेत्र के डुंगराबोरा रौंसाल निवासी गोपाल सिंह बोहरा (38) पुत्र भीम सिंह बोहरा के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। मृतक दिल्ली में किसी प्राइवेट फर्म में काम करता था। वह दिल्ली से अपने गांव आ रहा था। 

गोपाल सिंह बोहरा (फाइल फोटो)

युवक के पेड़ में लटकने के कारणों की जांच की जा रही है। अलबत्ता घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि व्यक्ति किसी जंगली जानवर के डर से पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचा रहा होगा। बाद में नीचे उतरते वक्त उसका पहना हुआ कपड़ा पेड़ पर अटक गया और हाथ कपड़ों में फंस गए। जनेऊ से भी उसके गले में गहरे निशान हैं। बताया कि घटना स्थल के पास जंगली जानवरों के निशान पाए गए हैं। मृतक के बैग में 2010 रुपए, एक मोबाइल चार्जर और कपड़े मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पंचायतनामा भरने के बाद शव को मोर्चरी में रखा गया है।

 

 

 

 




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.