Wednesday Feb 4, 2026

थर्टी-फर्स्ट और पहली जनवरी को भारी भीड़ उमड़ने का अनुमान

दो दिवीसीय मेले को लेकर चौकी प्रभारियों की तैनाती की

CO वंदना वर्मा ने लिया मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। थर्टी-फर्स्ट और नव वर्ष के अवसर पर पूर्णागिरि में लगने वाले मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और  सुविधा के लिए प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग ने तैयारियां की हैं। पूर्णागिरि के मुख्य मंदिर, काली मंदिर और भैरव मंदिर में चौकी प्रभारियों की तैनाती के साथ बड़ी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है। परिवहन विभाग ने भी टैक्सी चालकों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं।

मेले की व्यवस्थाओं को लेकर आज 30 दिसंबर को को CO वंदना वर्मा ने कोतवाली में पुलिस की बैठक ली। कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को पूरी प्राथमिकता दी जाए। श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता करने और ज्यादा किराया वसूलने वाले टैक्सी चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों को दो दिवसीय मेले के दायित्व भी सौंपे गए। चौकी इंचार्ज भी नियुक्त किए गए। सुरेंद्र खड़ायत को बूम चौकी, SI हरीश पुरी को ठूलीगाड़, ASI मोहन भट्ट को भैरव मंदिर, SI कैलाश जोशी को काली मंदिर का चौकी इंचार्ज बनाया गया। SI जितेंद्र बिष्ट को पूर्णागिरि मुख्य मंदिर सहित सभी मेला क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी। बाद में CO ने मेला क्षेत्र का दौरा कर दुकानदाराें को श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। CO ने बताया कि यातायात व पार्किंग व्यवस्था का भी पुलिस निगरानी रखेगी।

 

 

नशे में वाहन चलाने पर होगी कारवाई:ARTO

ARTO मनोज बगोरिया ने भैरव मंदिर परिसर में टैक्सी चालकों के साथ बैठक कर कहा कि मेला अवधि में नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने टैक्सी चालकों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने, निर्धारित किराया सूची का पालन करने तथा किसी भी स्थिति में अतिरिक्त शुल्क न वसूलने के निर्देश दिए। रात्रिकालीन यात्रा एवं कोहरे की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी वाहनों में रिफ्लेक्टर एवं सुरक्षा संकेतक लगाने को कहा। ARTO ने बताया कि मेले के दौरान वाहन चेकिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में परिवहन उप निरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट, सहायक निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, आरक्षी सोनिया नेगी शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.