टनकपुर ककरालीगेट किरोड़ा के जंगल में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत, जंगल में पेड़ की टहनियों में उलझा मिला शव, मृतक की शिनाख्त नहीं
जंगली जानवर के आने पर पेड़ पर चढ़ने और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से पेड़ से गिरने का अंदेशा
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर किरोड़ा ककरालीगेट के नजदीक के जंगल में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हुई है। शव एक पेड़ में उलझा मिला। मौके के हालात को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा है कि वह शख्स जंगली जानवर से बचने के लिए पेड़ पर चढ़ा होगा और संतुलन बिगड़ने से पेड़ से गिर गया। अलबत्ता अभी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक आज 30 दिसंबर की सुबह NH पर ककरालीगेट से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर शारदा रेंज के ककरालीगेट बीट के जंगल में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पेड़ की टहनी पर उलझा मिला। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। मृतक की उम्र 35 साल के आसपास की है। पेड़ के खूंटे पर पहने हुए कपड़ों, कंधे पर टांगे गए बैग और जनेऊ से फंसा हुआ शव पेड़ से लटका हुआ था।
हालात के मद्देनजर अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह शख्स किसी जानवर के आने पर पेड़ पर चढ़ा हो और इसी दौरान असंतुलित होकर पेड़ से गिर टहनी में फंस गया हो। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद प्रतीत हो रहा है कि व्यक्ति किसी जंगली जानवर के डर से पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचा रहा होगा। बाद में नीचे उतरते वक्त उसका पहना हुआ कपड़ा पेड़ पर अटक गया और हाथ कपड़ों में फंस गए। जनेऊ से भी उसके गले में गहरे निशान हैं। बताया कि घटना स्थल के पास जंगली जानवरों के निशान पाए गए हैं।
पंचायतनामा भरने के बाद शव को शिनाख्ति के लिए मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने घटना की सूचना आसपास के थानों की पुलिस को दे दी गई है। उसके जेब से दिल्ली में एक टेलर का पर्चा मिला है। टेलर से पूछताछ करने पर पता चला कि नवंबर माह में उसने उसके यहां कपड़े सिलवाए थे। उसके बैग में 2010 रुपए, एक मोबाइल चार्जर तथा कपड़े मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
© 2026. All Rights Reserved.