टनकपुर में ITI के पास शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कई लाख के नुकसान का अंदेशा
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर ITI के पास एक पूर्व सभासद कलावती कापड़ी के होटल में देर रात 3:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब प्रतिष्ठान स्वामी के पति सुबह 3:45 बजे जब दुकान खोलने के लिए गए। दुकान खोलने से पहले उन्होंने पूरे प्रतिष्ठान को आग की लपटों से घिरा पाया। प्रतिष्ठान स्वामी के पति रेवाधर कापड़ी ने घटना की जानकारी अपनी पत्नी कलावती कापड़ी और बेटे जीवन कापड़ी को दी। दोनों आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग का जानकारी देकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
जानकारी मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और एक घंटे से अधिक की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने से दुकान के अंदर रखा फ्रिज, काउंटर एवं दुकान की सामग्री के साथ काउंटर में रखी नकदी भी जल गई। पुलिस प्रशासन द्वारा लगाया गया CCTV कैमरा भी आग से राख हो गया। दुकान स्वामी नगर पालिका की पूर्व सभासद कलावती कापड़ी ने बताया कि अग्निकांड से उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
© 2026. All Rights Reserved.