Wednesday Feb 4, 2026

नैनीताल उच्च न्यायालय का निर्देश

11 फरवरी को होगी मामले की अगली सुनवाई

2024 की UPSC सिविल सर्विसेज परीक्षा में 189 रेंक लाने वाली चंपावत जिले की लोहाघाट निवासी अनुप्रिया राय का है मामला  

फिलहाल आंध प्रदेश में IRS का प्रशिक्षण ले रही हैं अनुप्रिया

देवभूमि टुडे

चंपावत/नैनीताल। नैनीताल उच्च न्यायालय ने UPSC (संघ लोक सेवा आयोग) CSE (सिविल सर्विसेज परीक्षा) में सफल एक महिला अभ्यर्थी की लम्बाई से जुड़े मामले में दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के मेडिकल बोर्ड के चेयरमैन को नोटिस जारी किया है। 6 सप्ताह के भीतर नोटिस का जवाब देना है। UPSC ने अभ्यर्थी को IPS (भारतीय पुलिस सेवा) बनने से इस आधार पर मना कर दिया कि उनकी लंबाई इस पद के लिए कम है। न्यायाधीश रविंद्र मैठानी और आलोक महरा की बेंच ने केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय सहित सभी प्रतिवादियों को 4 सप्ताह के भीतर प्रति शपथपत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 11 फरवरी 2026 को तय की गई है।

यह मामला चंपावत जिले की लोहाघाट निवासी अनुप्रिया राय का है। 2024 की UPSC CS परीक्षा में उन्होंने 189वीं रेंक हासिल की थी। IAS के बाद उनकी पहली प्राथमिकता IPS थी, लेकिन कम लंबाई के कारण उन्हें IPS नहीं दिया गया। 

 

अनुप्रिया राय।

याचिकाकर्ता ने कहा कि CSE 2024 के प्रत्याशियों की चिकित्सीय जांच से संबंधित नियमों (नियम 8 (3)) की  प्रतिवादी अधिकारियों ने गलत व्याख्या की है और नियमों का लाभ देने से मना कर दिया है। नियमानुसार लंबाई 150 सेंटीमीटर होनी चाहिए लेकिन अनुप्रिया की 147 सेमी है। याचिकाकर्ता अनुप्रिया राय का कहना है कि कुमाऊंनी होने के आधार पर उन्हें  5 सेंटीमीटर की छूट मिलनी चाहिए, जो नहीं दी गई है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने कहा कि CAT (केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण) ने निर्देश दिया था कि सिविल सेवा परीक्षा 2024 से उत्पन्न IPS कैडर का एक पद खाली रखा जाए, किन्तु चूंकि अब मूल आवेदन पर निर्णय हो चुका है, इसलिए मामले के निपटारे तक आगे अंतरिम आदेश की आवश्यकता है। सिविल सेवा परीक्षा 2024 में भारतीय पुलिस सेवा का एक पद खाली रखा जाए।

हाई कोर्ट ने सिविल सेवा परीक्षा, 2024 में IPS के एक पद को अगली सुनवाई की तारीख तक खाली रखने के निर्देश दिए हैं। अनुप्रिया राय फिलहाल भारतीय राजस्व सेवा (Customs & Excise) का राष्ट्रीय सीमा शुल्क, अप्रत्यक्ष कर और नारकोटिक्स अकादमी पलासमुद्रम (आंध्र प्रदेश) में प्रशिक्षण ले रही हैं।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.