वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 534 पीपे लीसा बरामद, केस दर्ज
चंपावत और अल्मोड़ा जिले की सीमा पर अल्मोड़ा के मौरनौला में बरामद लीसे की कीमत करीब 13 लाख रुपये
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा/मोरनौला। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चंपावत और अल्मोड़ा जिले के सीमवर्ती क्षेत्र से बड़ी मात्रा में लीसा की बरामदगी हुई है। देवीधुरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी दीप चंद्र जोशी ने बताया कि चेकिंग के दौरान ये कामयाबी मिली। बरामदगी क्षेत्र अल्मोड़ा जिले के मोरनौला क्षेत्र में होने से बरामद लीसे और आरोपी को जागेश्वर रेंज की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। जागेश्वर रेंज में वन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा होने के साथ ही आरोपी को कोर्ट में पेश करने के साथ ही सभी विधिक कार्रवाई अल्मोड़ा वन प्रभाग द्वारा की जा रही है।


वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आज 6 अक्टूबर की सुबह साढ़े 6 बजे मौरनोला शहरफाटक रोड में चेकिंग के दौरान पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त चेकिंग टीम ने कैंटर को रोकने का इशारा किया। लेकिन रूकने के बजाय कैंटर ने चकमा देकर रफ्तार पकड़ ली। अलबत्ता करीब 500 मीटर दूर हल्के मोड़ में कैंटर कलमठ में तिरछा हो गया और टीम के पीछा करने पर दबोचा लिया गया। तलाशी में कैंटर से करीब 13 लाख रुपये कीमत का 534 टिन अवैध लीसा बरामद हुआ। खुद को यात्री बताने वाले बलवंत सिंह निवासी गंगोलीहाट से हुई शुरुआती पूछताछ के मुताबिक पनार से दनिया होते हुए कैंटर यहां पहुंचा। तलाशी में बलवंत सिंह के पास से वाणिज्यिक ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। इससे वन महकमे को बलवंत सिंह के ड्राइवर होने का शक है।
क्या कहते हैं अधिकारी:
चंपावत के प्रभागीय वनाधिकारी डी पुरुषोत्तमन के निर्देशों के क्रम में वन विभाग यहां से गुजरने वाले वाहनों पर सघन निगरानी रख रहा है। अवैध लीसा देवीधुरा रेंज का नहीं है। जिस मोरनौला से कैंटर पकड़ा गया है, वह क्षेत्र सिविल एवं सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा के जागेश्वर रेंज के अंतर्गत आता है। पकड़े गए व्यक्ति को मय ट्रक जागेश्वर रेंज के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
दीप चंद्र जोशी,
वन क्षेत्राधिकारी, देवीधुरा।

© 2026. All Rights Reserved.