Wednesday Feb 4, 2026

सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में जिला सैनिक पुनर्वास कल्याण अधिकारी ने दी जानकारी

देवीधुरा राजकीय महाविद्यालय का नाम शहीद नंदन सिंह चम्याल के नाम रखने का प्रस्ताव स्वीकृत

देवभूमि टुडे

चंपावत। जिला चिकित्सालय परिसर में पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए ECHS (भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना) भवन बनाया जाएगा। इसके लिए 5 नाली जमीन मिल गई है। इसके अलावा राजकीय आदर्श महाविद्यालय देवीधुरा का नाम शहीद नंदन सिंह चम्याल के नाम पर रखा जाएगा। वहीं मडलक पांडे-सेलपेडू मोटर मार्ग का नाम शहीद सिपाही शोबन सिंह के नाम पर रखे जाने की शासन से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। DM मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में सैनिक पुनर्वास कल्याण अधिकारी उमेद सिंह ने ये जानकारी दी।

बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। डीएम ने लोहाघाट स्थित अमर जवान स्मारक के सुंदरीकरण के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी कार्य सैनिकों की गरिमा एवं आवश्यकता के अनुरूप सुनिश्चित किए जाएं। पूर्व सैनिक सूबेदार  दिनेश चंद्र ने पल्सो-कलजाक से डौडेश्वर महादेव मंदिर तक मोटर मार्ग निर्माण के संबंध में दिए गए निवेदन पर डीएम ने ग्रामीण निर्माण विभाग को एक सप्ताह के भीतर इस्टीमेट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लोहाघाट निवासी वीर नारी जानकी देवी पत्नी स्वर्गीय केशव दत्त ने उनके मकान के नीचे से गुजर रही चौड़ी पंप हाउस पाइपलाइन को हटवाने के संबंध में दिए गए आवेदन पर डीएम ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को 12 घंटे में कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी सैनिक अथवा उनके परिवार को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। बैठक में एसडीएम अनुराग आर्य, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी उमेद सिंह, सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट, ग्रामीण निर्माण विभाग के ईई बृजमोहन आर्य सहित तमाम पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.