सीसी के स्थान पर इंटरलाकिंग टाइल्स से होगा मार्गों का निर्माण
GIC सिप्टी मैदान में हुई चंपावत क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में विकास से जुड़े 105 से अधिक प्रस्ताव मंजूर
देवभूमि टुडे
चंपावत। पहली बार ब्लॉक मुख्यालय से बाहर हुई क्षेत्र पंचायत समिति चंपावत की बैठक में 105 से अधिक प्रस्ताव पास किए गए। ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विकासखंड में सीसी मार्गों के स्थान पर इंटरलाकिंग टाइल्स से मार्गों का निर्माण किया जाएगा। GIC सिप्टी मैदान में DM मनीष कुमार की मौजूदगी में हुई बैठक में विकास से जुड़े 105 से अधिक प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में ग्राम पंचायत में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कूड़ा वाहन संचालन के लिए 300 रुपये यूज़र चार्ज प्रति पंचायत लेने पर आम सहमति बनी। विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए जन प्रतिनिधियों ने विद्यालयों के सुधार, सोलर लाइट स्थापना, पुस्तकालय निर्माण, मार्ग सुधारीकरण, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से सदन में रखा। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र पंचायत का उद्देश्य जन प्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा करना है। उन्होंने कहा कि पारित प्रस्तावों के माध्यम से विकासखंड में बुनियादी सुविधाओं को और सशक्त किया जाएगा। DM मनीष कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए उनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियांवयन पर बल दिया। CDO डॉ. जीएस खाती ने कहा कि ग्राम पंचायतों में आयोजित खुली बैठकों में आम सहमति से पारित प्रस्तावों को ही क्षेत्र पंचायत की बैठक में विचारार्थ रखा जाता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। 24 दिसंबर को हुई बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ज्येष्ठ उप प्रमुख पंडित भुवन पांडेय, कनिष्ठ उप प्रमुख मनोज जोशी, SDM अनुराग आर्य, BDO अशोक सिंह अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जन प्रतिनिधि मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.