निवेश करने के नाम पर जम्मू कश्मीर के चार लोगों पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप, चारों आरोपी भी पूर्व में SSB में सेवारत थे, SSB कर्मी की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, अलग-अलग खातों में जमा कराए 24 लाख रुपयों में 14 लाख रुपये ही लौटाए
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। जम्मू कश्मीर में तैनात SSB (सशस्त्र सीमा बल) के एक जवान को जम्मू कश्मीर के 4 लोगों ने पर व्यापार में निवेश के नाम पर ठगा है। ये आरोप SSB जवान की पत्नी ने लगाए हैं। आरोप है कि बिजनेस में निवेश के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक टनकपुर बिचई की बसंती चंद द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि उसके पति नीरज चंद SSB में जम्मू कश्मीर में कार्यरत हैं। नीरज चंद के साथ SSB में गुरमीत सिंह निवासी हीरा नगर, जिला कठुआ (जम्मू कश्मीर), सुनीता देवी निवासी ग्राम सुई, थाना ऊधमपुर (जम्मू कश्मीर), संजय सिंह और बलविंद्र चौधरी निवासी जम्मू कश्मीर नौकरी करते थे। बाद में चारों ने नौकरी छोड़ दी।
आरोप लगाया कि चारों आरोपियों ने उसके पति को एक कंपनी में निवेश करने पर हर महीने 7% मुनाफा देने की बात कही। उसके पति ने आरोपियों की बात मानी। बाद में आरोपियों ने उसके पति से अलग-अलग खातों में कुल 24 लाख रुपये डलवा लिए। पति की ID भी बनाई थी जिसमें 24 लाख रुपये का प्लान और अन्य डाटा शो होता था। साथ ही उसके पति को एक व्हाटसएप ग्रुप से भी जोड़ दिया गया जिसमें कुछ अन्य अन्य लोग भी जुड़े थे। आरोपी गुरमीत सिंह ने फरवरी 2025 तक बतौर ब्याज 11 लाख रुपये पति के बैंक खाते में ऑनलाइन जमा किए।
गुरमीत के भागने के बाद उसके पति को 3 लाख रुपये और दिए गए। पति को कुल 14 लाख रुपये प्राप्त हुए। उसके पति के अभी भी 10 लाख रुपये शेष बचे हैं, लेकिन आरोपी गुरमीत देने से इन्कार कर रहा है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने चारों आरोपियों गुरमीत सिंह, सुनीता देवी, संजय सिंह, बलविंद्र चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
© 2026. All Rights Reserved.