Wednesday Feb 4, 2026

पाटी क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक

विकास कार्यों में नुमाइंदों की राय को तवज्जो दें: विधायक अधिकारी

देवभूमि टुडे

चंपावत/पाटी। क्षेत्र पंचायत समिति पाटी की बैठक में पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित सर्वसम्मति से 50 प्रस्ताव पारित किए गए। ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में आज 23 दिसंबर को हुई बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को उठाते हुए समाधान की मांग की। ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी ने कहा कि अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि एक-दूसरे के पूरक होते हैं, और दोनों के आपसी सहयोग से ही गांवों का समुचित एवं संतुलित विकास संभव है। उन्होंने क्षेत्र के विकास में संजीदगी और जिम्मेदारी से काम करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। 

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने विकास कार्यों में नुमाइंदों की राय को तवज्जो देने की अपील की। विकासखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और जरूरतों को देखते हुए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर अधिकारी प्रभावी कार्ययोजनाएं तैयार करें, ताकि योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे। सीडीओ डॉ. जीएस खाती ने कहा कि ग्राम पंचायतों में आयोजित खुली बैठकों में आम सहमति से पारित प्रस्तावों को ही क्षेत्र पंचायत की बैठक में विचार के लिए रखा जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए। खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल के संचालन में हुई बैठक में ज्येष्ठ उप प्रमुख खड़क सिंह, कनिष्ठ उप प्रमुख नेहा बगौटी, जिला पंचायत सदस्य अशोक सिंह के अलावा तमाम बीडीसी सदस्य और अधिकारी मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.