


टनकपुर ककरालीगेट-ठुलीगाड़ सड़क पर नाले के उफान में आने से बंद हुई श्रद्धालुओं की आवाजाही
स्थानीय ग्रामीणों को भी आई अड़चन
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। मां पूर्णागिरी मार्ग करीब 50 मिनट बंद रहा। नाले के उफान में आने से ये नौबत आई। इस वजह से पूर्णागिरी धाम आने-आने वाले श्रद्धालुओं को इंतजार करना पड़ा। वहीं स्थानीय ग्रामीणों को भी मार्ग बंद होने से दुश्वारी झेलनी पड़ी।
पूर्णागिरी धाम के पुजारी और कारोबारी पंडित नेत्रबल्लभ तिवारी ने बताया कि आज 7 जुलाई को टनकपुर ककरालीगेट-ठुलीगाड़ सड़क पर करीब 11.40 बजे नाला उफान में आ गया। इस कारण पूर्णागिरी आ-जा रहे श्रद्धालु और स्थानीय नागरिकों को तकरीबन 50 मिनट परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला आपदा परिचालन केंद्र ने बताया कि करीब 12.30 बजे मार्ग खुल गया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो गया।
वहीं पूर्णागिरी मार्ग पर बाटनागाड़ नाले में मलबा हटाने के लिए व्यवस्था की गई है। लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत ने बताया कि इस स्थान पर दो जेसीबी मशीनें रखी गई हैं। वहीं आज 7 जुलाई की सुबह भी चंपावत जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 11 मिलीमीटर बारिश लोहाघाट में हुई। अलबत्ता राष्ट्रीय राजमार्ग सहित सभी सड़कें खुली हैं।
चंपावत जिले में बीते 24 घंटे में बारिश का आकड़ा: (7 जुलाई सुबह 8 बजे तक)
चंपावत: 02.50 मिलीमीटर
लोहाघाट: 11.00 मिलीमीटर
टनकपुर: 05.00 मिलीमीटर
बनबसा: 03.00 मिलीमीटर
© 2026. All Rights Reserved.