Wednesday Feb 4, 2026

लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता

ट्रायल पर चल रही व्यवस्था को जल्द हटाकर पुरानी व्यवस्था लागू करने की मांग

SP से हुई वार्ता के बाद समाप्त किया गया धरना

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में मीना बाजार चौराहे में धरना दिया। कई व्यापारी भी धरने में शामिल हुए। उन्होंने ट्रायल के तौर पर चल रही व्यवस्था को अविलंब हटाकर पूर्व की तरह वाहनों का आवागमन जारी रखने की मांग की। बाद में SP अजय गणपति से वार्ता के बाद धरना स्थगित कर दिया गया।

धरना देते विधायक। खुशाल सिंह अधिकारी व कांग्रेस कार्यकर्ता (ऊपर), पुलिस MLA और कार्यकर्ताओं से  वार्ता करते पुलिस अधिकारी।

आज 22 दिसंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता मीना बाजार चौराहे पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने नारेबाबाजी भी की। आरोप लगाया कि प्रशासन ने जनता और व्यापारियों से राय लिए बिना वन-वे व्यवस्था लागू कर दी। धरने का नेतृत्व कर रहे विधायक अधिकारी का कहना था कि नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार जरूरी है, लेकिन इसके लिए पुलिस को आम लोगों एवं व्यापारियों से सलाह-मशविरा करने के बाद ही कोई निर्णय लेना चाहिए था। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिना पर्याप्त मंत्रणा के 18 दिसंबर से मीना बाजार से जयंती भवन तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है। इस व्यवस्था से व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है। कारोबर बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि यातायात व्यवस्था को सुधारना है, तो पुलिस को मीना बाजार में वाहनों के खड़े होने पर रोक लगानी चाहिए। पूर्व की तरह केवल स्कूल समय में वन-वे व्यवस्था लागू की जाए। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र सुधार नहीं किया गया, तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। धरना स्थल से MLA खुशाल सिंह अधिकारी ने SP से फोन पर वार्ता की और 14 दिन के ट्रायल पीरियड को कम कर व्यवस्था हटाने को कहा।

धरना देने वालों में कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमर सिंह कोटियाल, भगीरथ भट्ट, चांद सिंह बोहरा, भुवन चौबे, प्रदीप देव, जितेंद्र साह, डॉ. महेश ढेक, नवीन जोशी, हरीश कुमार, बल्लू ढेक के अलावा व्यापारी जीवन उप्रेती, कैलाश मेहता, कैलाश बिष्ट, रमेश गिरी, राम सिंह, हरीश कुमार, दीपक राय, जगत बिष्ट, श्याम सिंह, दिनेश मेहता, उमेश पांडेय आदि शामिल थे। SP अजय गणपति ने आश्वासन दिया कि सर्वे पूरा होने के बाद व्यापारियों को शामिल कर बैठक की जाएगी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.