टनकपुर के SDM के माध्यम से DM को भेजा पत्र
टनकपुर के ज्ञानखेड़ा से आमबाग लिंक रोड का मामला
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर के ज्ञानखेड़ा से आमबाग लिंक रोड पर हो रही अनियंत्रित आवाजाही से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। इस दुश्वारी से राहत की मांग करते हुए गांव के लोगों ने SDM के माध्यम से DM को पत्र भेजा है।
ज्ञापन में कहा गया कि इस लिंक रोड पर ओवरलोड व तेज गति वाले डंपर अनियंत्रित तरीके से आवाजाही कर रहे हैं। धूल उड़ाते इन वाहनों से ग्रामीण, स्कूली बच्चे और पैदल आवाजाही करने वालों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है। इससे न केवल ग्रामीणों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है, बल्कि हर वक्त शोर और कोलाहल से जीना दुश्वार हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं। पिछले साल भी बेकाबू वाहनों को लेकर आवाज उठाने से लेकर आंदोलन तक करना पड़ा था।
तब यह तय हुआ था कि यहां प्लॉट पर पड़ा माल उठाने तक ही वाहनों की आवाजाही होगी। नई खनन सामग्री स्टॉक नहीं की जाएगी। लेकिन अब फिर से इन तय शर्तों की अनदेखी हो रही है। ग्रामीणों ने यहां पड़े स्टॉकों को अवैध घोषित करने के साथ ही ऐसे वाहनों की आवाजाही को बंद करने की मांग की है। ज्ञापन में जगदीश दत्त गहतोड़ी, सुनील कुमार पंत, बसंत बल्लभ जोशी, जगदीश सिंह, संदीप चंद्र जोशी, मुकेश चंद्र, उमा पंत, जगदीश चंद्र पंत, कैलाश चंद्र, त्रिलोक चंद्र आदि के हस्ताक्षर हैं।
© 2026. All Rights Reserved.