बाराकोट लिंक रोड पर बैक करने के दौरान 80 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
चालक चंपावत जिला अस्पताल रेफर
जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी योगी के नेतृत्व में युवाओं की टीम ने भारी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकाल अस्पताल पहुंचाया
आपात सेवा 108 की एंबुलेंस की देरी से लोगों में नाराजगी
देवभूमि टुडे
चंपावत। बाराकोट क्षेत्र में बीती रात एक कार 80 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में 2 लोग जख्मी हो गए। क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी योगी के नेतृत्व में युवाओं की टीम ने भारी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकाल अस्पताल पहुंचाया। योगी खुद घायलों की मदद में चंपावत जिला अस्पताल गए।
बाराकोट से तल्ला बापरू की ओर जा रही ऑल्टो कार (संख्या UK 03 TA 2143) पिथौरागढ़ लिंक रोड पर कैलाड़ी विद्युत पावर हाउस के पास बेक करने के दौरान बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक अमित शर्मा (19) पुत्र जगदीश शर्मा और विक्रम सिंह (21) पुत्र कुंवर सिंह निवासी तल्ला बापरू गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी योगी के नेतृत्व में उनकी युवा टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बाराकोट स्थित पुलिस चौकी को सूचना दी। अंधेरे के बीच गहरी खाई में उतरकर जिला पंचायत सदस्य योगी एवं उनके युवा साथियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान में योगी के साथ उनकी युवा ब्रिगेड टीम के विजय नाथ, सूरज बिष्ट, सोनू चौधरी, ललित मोहन, राहुल जोशी, शुभम बिष्ट, हिमांशु नाथ, हिमांशु जोशी, सौरभ नाथ, धीरज सिंह आदि युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आपात सेवा 108 की एंबुलेंस के काफी देर तक नहीं पहुंचने पर पुलिस के वाहन से दोनों घायलों को लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉ. अजीम और उनकी टीम ने दोनों घायलों का इलाज किया। वाहन चालक अमित शर्मा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन किए जाने के बाद सिर की चोट के चलते अमित शर्मा को हल्द्वानी रेफर किया गया। वहीं दूसरे घायल विक्रम सिंह का लोहाघाट अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जिला पंचायत सदस्य का कहना है कि आपात सेवा 108 एंबुलेंस को कॉल की गई, लेकिन समय पर सेवा नहीं मिलना बेहद गंभीर विषय है। एंबुलेंस न पहुंचने के कारण गंभीर घायल को निजी वाहन से चंपावत भेजना पड़ा। 108 सेवा की इस लापरवाही को लेकर क्षेत्रीय युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों में आक्रोश है।

© 2026. All Rights Reserved.