Wednesday Feb 4, 2026

'मेले की सभी तैयारियां 15 फरवरी तक हो जाएंगी'

मां पूर्णागिरि धाम के सरकारी मेले की तैयारियों को लेकर DM मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक

देवभूमि टुडे

चंपावत। सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि धाम का सरकारी मेला इस बार होली से पहले 27 फरवरी से शुरू होगा। मेला 15 जून तक चलेगा। DM मनीष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार शाम को हुई बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। DM ने मेला क्षेत्र में प्याऊ एवं स्टैंड पोस्ट लगा साफ पेयजल उपलब्ध कराने, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं, पार्किंग स्थल, सफाई व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को 15 फरवरी तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने बेहतर मेला प्रबंधन के लिए सभी विभागों में समन्वय पर जोर दिया। पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी, उपाध्यक्ष नीरज पांडेय, सचिव सुरेश तिवारी, कोषाध्यक्ष नवीन तिवारी, पंडित मोहन पांडेय आदि ने कहा कि आस्था का यह देवी धाम प्रदेश से बाहर प्रमुख आध्यात्मिक पहचान है। श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुविधा देने के लिए सभी उपाय किए जाने चाहिए और मंदिर समिति स्वयं भी प्रशासन के साथ मिलकर इस दिशा में काम करेगी।

पूर्णागिरि मेले की तैयारी बैठक में मौजूद अधिकारी और मंदिर समिति के प्रतिनिधि।

सड़क व पैदल मार्गों की मरम्मत, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग, सुरक्षा, आवास, संचार तथा स्वच्छता व्यवस्था को ठीक करने को कहा गया। मेले में भंडारा करने के लिए निर्धारित स्थल भी तय किए जाएंगे। टनकपुर के SDM आकाश जोशी मेला मजिस्ट्रेट और जिला पंचायत के AMA कमलेश बिष्ट मेला अधिकारी होंगे। साथ ही जरूरत के हिसाब से सहायक मेला अधिकारी भी तैनात किए गए।

CMO डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि मेला क्षेत्र में 2 एंबुलेंस 24 घंटे तैनात रहेंगी 3 चिकित्सा शिविर भी स्थापित किए जाएंगे। CO शिवराज सिंह राणा ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। जगह-जगह पुलिस बल तैनाती की जाएगी। मेला क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अग्निशमन वाहन के अतिरिक्त प्रत्येक दुकान में अग्नि नियंत्रण यंत्र अनिवार्य रूप से रखने होंगे। ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर तक टैक्सियों का संचालन शटल सेवा के जरिए होगा।

बैठक में मौजूद रहे ये लोग:

जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, ज्येष्ठ उप प्रमुख पंडित भुवन पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, ADM कृष्ण नाथ गोस्वामी, CDO डॉ. जीएस खाती, CO शिवराज सिंह राणा, लोनिवि के EE मोहन चंद्र पलड़िया आदि।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.