Wednesday Feb 4, 2026

बैंड की धुन पर निकाला गया एकता मार्च

योद्धाओं, पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों का

लोहाघाट में हुए मुख्य कार्यक्रम में हुआ सम्मान

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। विजय दिवस पर आज 16 दिसंबर को जिले के कई स्थानों पर कार्यक्रम हुए। लोहाघाट में शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा हुई। एकता मार्च निकालकर वीर सैनिकों व और उनके परिजन का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लोहाघाट स्थित शहीद स्मारक पर हुई। जहां DM मनीष कुमार ने पुष्पचक्र अर्पित कर 1971 के भारत-पाक युद्ध में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि के बाद शहीद स्मारक से कालू मेहरा चौक तक विद्यामंदिर के छात्रों के बैंड की धुन पर एकता मार्च निकली। मार्च में देशभक्ति के नारे गूंजते रहे और एकजुटता का संदेश दिया गया। मार्च के बाद कालू मेहरा चौक के निकट सैनिक विश्राम गृह के सभागार में विशेष सम्मान समारोह हुआ। DM मनीष कुमार ने वीर नारियों, 1971 युद्ध के योद्धाओं, पूर्व सैनिकों तथा शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में चनी देवी (पत्नी स्वर्गीय रमेश सिंह, कीर्ति चक्र), पार्वती देवी (पत्नी स्वर्गीय कल्याण सिंह, शौर्य चक्र), कलावती देवी (पत्नी स्वर्गीय बलबीर सिंह, शौर्य चक्र), निर्मला देवी (पत्नी स्वर्गीय पूर्णानंद), केशवी देवी (पत्नी स्वर्गीय विनोद सिंह), गंगा देवी (पत्नी स्वर्गीय जोध सिंह), पार्वती देवी (पत्नी स्वर्गीय विक्रम सिंह), माहेश्वरी देवी (पत्नी स्वर्गीय जोध सिंह), सरू देवी (पत्नी स्वर्गीय हरि सिंह) और टीका सिंह (शौर्य चक्र) शामिल थे। DM मनीष कुमार ने कहा कि चंपावत गौरव और वीरों की पावन भूमि है। राष्ट्र की सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले परिवारों का सम्मान हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीर सैनिकों व उनके परिजनों से जुड़े सभी मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, सभासद आशीष राय, SDM नीतू डांगर, उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग अध्यक्ष कैप्टन (रिटायर्ड) आरएस देव, उपाध्यक्ष कैप्टन (रिटायर्ड) रघुवीर सिंह बोहरा, अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी सहित पूर्व सैनिक, वीर नारियां, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.