Monday Dec 15, 2025

आज तड़के करीब 2 बजे ट्रैंकुलाइज होने के बाद गिरफ्त में आया

बाराकोट क्षेत्र के लोगों ने ली राहत की सांस

जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी के नेतृत्व में युवाओं के टीम ने किया वन विभाग का सहयोग

देवभूमि टुडे 

चंपावत/बाराकोट। बाराकोट की च्यूरानी ग्राम पंचायत के तोक धरगड़ा में आदमखोर गुलदार अंततः हत्थे आ गया। आज 13 दिसंबर के तड़के करीब 2 बजे गुलदार को ट्रैकुलाइज करने में सफलता मिली। जिसके बाद उसे पिंजरे में रखाया गया। गुलदार को पकड़ने के बाद रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा। इस पूरे अभियान में वन विभाग की टीम को स्थानीय लोगों का भी सहयोग मिला। क्षेत्र के युवा जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी योगी के नेतृत्व में स्थानीय युवा भी रात भर डटे रहे। गुलदार के गिरफ्त में आने से लोगों ने राहत की सांस ली।

 

जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी सहित तेंदुए को पकड़ने में सहयोग करने वाले युवा।

बाराकोट की च्यूरानी ग्राम पंचायत के तोक धरगड़ा में 9 दिसंबर की सुबह गुलदार ने शौच के लिए गए जल संस्थान के PTC ( पार्ट टाइम चौकीदार) देव सिंह अधिकारी (42) पर हमला कर मार डाला था। इस वाकये के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा जैसे हालात थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग लगातार रात-दिन निगरानी कर रहा था। DM मनीष कुमार के नेतृत्व में प्रशासन भी वन विभाग का मार्गदर्शन करने के साथ ही नजर रखे हुआ था।

इसी क्रम में बाराकोट के ऊध्यूनढूंगा-स्वीलाखेड़ा क्षेत्र के पास वन विभाग की टीम ने देर रात 2 बजे के करीब गुलदार को सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में कैद किया। इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के मुताबिक एहतियात के तौर पर क्षेत्र में नियमित गश्त जारी रहेगी। इस अभियान में उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के अलावा डॉ. हिमांशु पांगती, रेंजर राजेश जोशी, फॉरेस्टर प्रकाश गिरि सहित वन विभाग के कई कर्मी शामिल थे।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी योगी और उनके युवा साथी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने स्थानीय स्तर पर विभाग के साथ समन्वय बनाए रखा। सदस्य योगेश जोशी ने कहा कि वन विभाग की टीम ने जिस तत्परता, साहस और जिम्मेदारी के साथ यह अभियान संचालित किया, वह खासी सराहनीय है। वन विभाग की पूरी टीम ने कठिन परिस्थितियों में भी जन सुरक्षा को प्राथमिकता दी। इसके लिए उन्होंने वन विभाग का आभार जताया है। साथ ही रातभर सहयोग दे सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देने वाले युवाओं का भी आभार जताया है। सहयोग देने वालों में सूरज बिष्ट, विजय नाथ, शुभम नाथ, सौरभ नाथ, हिमांशु नाथ एवं अमित सिंह अधिकारी आदि शामिल थे।

जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी सहित तेंदुए को पकड़ने में सहयोग करने वाले युवा।
पिंजरे में गुलदार।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2025. All Rights Reserved.