नेपाल सीमा से लगे कई गांवों का सड़क संपर्क कटा
चंपावत जिले में सबसे ज्यादा 55 मिलीमीटर बारिश टनकपुर में
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर-जौलजीबी सड़क (निर्माणाधीन) मलबा आने से बंद है। इसके अलावा 3 अन्य ग्रामीण सड़कें भी बंद है। रोड के बंद होने से आवागमन पर असर पड़ा है। वहीं आज 8 जुलाई की सुबह भी चंपावत जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई।
मलबा आने से टनकपुर-जौलजीबी सड़क चरण मंदिर और लादीगाड़ के पास बंद है। इसके चलते आज 8 जुलाई की सुबह से यह सड़क आवागमन के लिए बंद है। रोड बंद होने से कलढूंगा, चूका, सीम, खेत सहित नेपाल सीमा से लगे कई गांवों की आवाजाही बाधित है। रोड बंद होने का असर SSB की कई सीमा चौकियों (BOP) के आवागमन पर भी पड़ा है।
इसके अलावा मलबा आने से धौन-सल्ली, धौन-बड़ोली और अमोड़ी-छतकोट-घुरचुम-पाली रोड भी बंद है। इन ग्रामीण सड़कों के बंद होने से इन क्षेत्रों के लोगों का सड़क संपर्क कट गया है। सभी चारों सड़कों को खोलने के लिए कार्य चल रहा है। विभाग ने जल्द रोड खुलने की संभावना जताई है। वहीं चंपावत जिले में बीती रात और आज सुबह बारिश हुई। सबसे ज्यादा 55 मिलीमीटर बारिश टनकपुर में हुई।
चंपावत जिले में बीते 24 घंटे में बारिश का आकड़ा: (8 जुलाई सुबह 8 बजे तक)
चंपावत: 32.00 मिलीमीटर
लोहाघाट: 16.00 मिलीमीटर
पाटी :12.00 मिलीमीटर
टनकपुर: 55.00 मिलीमीटर
बनबसा: 29.00 मिलीमीटर
© 2026. All Rights Reserved.