Wednesday Nov 25, 2026

पुल्ला पंचेश्वर से 4 किलो 100 ग्राम चरस के साथ सुरेश सिंह को गिरफ्तार किया

चरस को उत्तर प्रदेश के नवाबगंज में बेचने की फिराक में था आरोपी

चरस की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश में जुटी पुलिस

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट पुलिस एवं STF की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट की संयुक्त टीम ने पुल्ला पंचेश्वर से एक अभियुक्त को 4 किलो 100 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ NDPS अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

चरस के साथ दबोचा आरोपी।

पुलिस मीडिया ग्रुप से मिली जानकारी के मुताबिक अभियुक्त  सुरेश सिंह तिसल्ला निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर को 4.100 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उक्त चरस को लोहाघाट क्षेत्र से एकत्रित कर उत्तर प्रदेश के नवाबगंज, बरेली निवासी भरतवीर गंगवार उर्फ पंडित जी को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था। इस खुलासे के बाद पुलिस अभियुक्त से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस चरस की आपूर्ति के स्रोत, खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य व्यक्तियों और तस्करी के पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:

लोहाघाट थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उप निरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, कुलदीप, संजय साहनी, STF एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की टीम के उप निरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उप निरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.