Friday Dec 12, 2025

चंपावत नगर पालिका की पहल

शहर के विकास, स्थानीय कला के संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के दृष्टिगत उपयोगी पहल

देवभूमि टुडे

चंपावत। पहाड़ी शैली में रंग-रोगन कर चंपावत के छतार के डिप्टेश्वर पार्क को चमकाया जा रहा है। इस काम में महिला स्वयं सहायता समूह के अलावा स्वयं छतार की सभासद एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका प्रेमा चिल्कोटी भी हाथ बंटा रही हैं। इस पहल से न केवल पार्क का स्वरूप आकर्षक बनेगा, बल्कि पूरे शहर में एक नया सौंदर्यात्मक वातावरण स्थापित होगा। यह कार्य स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। महिला सहायता समूह के जरिए किए जा रहे इस कार्य से समूह की आय में इजाफा होने के साथ ही महिलाओं को स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

पार्क के कामों का मुसाया करते EO भरत त्रिपाठी , सभासद प्रेमा चिल्कोटी और अन्य अधिकारी।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय और अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सभासद  प्रेमा चिलकोटी के विशेष सहयोग से ये सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। EO त्रिपाठी का कहना है कि नगर पालिका परिषद का उद्देश्य शहर को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध, स्वच्छ और खूबसूरत बनाना है। इसी क्रम में भविष्य में शहर के अन्य पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने की योजना है। इससे  चंपावत शहर का नाम प्रदेश में एक आदर्श और आकर्षक नगर के रूप में स्थापित हो सके। नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित यह पहल शहर के विकास, स्थानीय कला को संरक्षण और महिला सशक्तिकरण तीनों को जोड़ेगी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2025. All Rights Reserved.