9 करोड़ रुपए से बनेगा मंदिर
गुजरात के सोमपुरा ग्रुप के विपुल त्रिवेदी होंगे सलाहकार
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा। उत्तराखंड के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां वाराही देवी मंदिर देवीधुरा का नव निर्माण चैत्र नवरात्रि से शुरू होगा। ये निर्णय मां वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी की अध्यक्षता में शनिवार को हुई मंदिर ट्रस्ट की बैठक में लिया गया। पुनर्निर्माण कार्य में 9 करोड़ रुपए खर्च होंगे। मंदिर निर्माण के लिए तकनीकी सलाहकार के रूप में गुजरात के प्रसिद्ध सोमपुरा ग्रुप के विपुल त्रिवेदी को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है।
देवीधुरा स्थित मंदिर परिसर में निर्माण कार्य से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी दस्तावेजों की जांच चार्टर्ड अकाउंटेंट से कराई जाएगी। साथ ही पुरानी मंदिर समिति के सभी बैंक खाते आले साल मार्च में बंद कर दिए जाएंगे। नए मंदिर के स्वरूप में धार्मिक, आध्यात्मिक एवं तांत्रिक महत्व को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है। मंदिर के पास चौकी क्षेत्र में पार्किंग व निर्माण के दौरान मशीनरी व कच्चा माल रखने की व्यवस्था की जाएगी। ट्रस्ट के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने बताया कि आगामी बसंत पंचमी पर सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामूहिक विवाह होंगे। वहीं वैशाख माह में श्रीमद्भागवत कथा और भंडारे का आयोजन मां वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट कराएगा।
बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, नरेंद्र सिंह लडवाल, चेतन सिंह बिष्ट, रोशन लमगड़िया, चंदन सिंह बिष्ट, खीम सिंह लमगड़िया, राजेश बिष्ट, त्रिभुवन चम्याल, दिनेश जोशी, दीपक चम्याल, दीवान विष्ट, विनोद गड़कोटी, जगदीश सिंग्वाल, मदन लमगड़िया, लाल सिंह लमगड़िया, मोहन सिंग्वाल, गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रताप विष्ट, खड़क सिंह बिष्ट, कुंदन अधिकारी मौजूद थे।
© 2025. All Rights Reserved.