टनकपुर के शारदा घाट में उमड़े उत्तर प्रदेश के कई जिलों से श्रद्धालु
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। शारदा घाट एवं बूम घाट में आज 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमासी की तड़के पर्व स्नान के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों के करीब 35 हजार श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। स्नान के बाद हवन पूजन के साथ ही गंगा मैया के जयकारों से वातावरण आध्यात्मिक रंग में सराबोर हो गया।




इस दौरान श्रद्धालुओं ने कन्या भोज एवं भंडारे का भी आयोजन किया। शारदा नदी से लगे थ्वालखेड़ा गांव के मैदान में पीलीभीत से आए श्रद्धालुओं ने सोमवार रात्रि से ही भजन-कीर्तन शुरू कर दिए थे। लायंस क्लब ने बैराज मार्ग पर भंडारे का आयोजन किया। शारदा घाट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया। साथ ही सफाई कर्मचारी भी मौजूद थे। अलबत्ता खेतखेड़ा और शारदा घाट के आसपास शौचालय की व्यवस्था न होने पर श्रद्धालुओं को खुले में शौच करने को मजबूर होना पड़ा।
5 हजार श्रद्वालुओं ने देवी दर्शन किए
चंपावत/पूर्णागिरी धाम। कार्तिक पूर्णमासी को आज मंगलवार को मां पूर्णागिरि धाम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओ ने दर्शन किए। पंडित राजू तिवारी और ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने बताया कि 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने देवी दर्शन किए। नेपाल ब्रहमदेव मंडी स्थित सिद्धबाबा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही।





© 2026. All Rights Reserved.